सिरसा। कृषि एवं कल्याण विभाग के उप-निदेशक डॉ. सुखेदव सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी को रबी सीजन 2023-24 के लिए फसल बीमा को लेकर हरियाणा सरकार की अधिसूचना के अनुसार अधिकृत किया गया है। इसमें रबी फसलों के लिए गेहूं, जौ, सरसों, चना व सूरजमुखी को लिया गया है। इसमें किसान को बीमा करवाने के लिए प्रति हेक्टेयर निर्धारित राशि वहन करनी होगी।
डाॅ. सुखदेव ने बताया कि रबी सीजन 2023-24 की गेहूं की प्रीमियम राशि 1093.44 रुपये, जौ के लिए 696.84 रुपये, सरसों के लिए 733.90 रुपये, चना के लिए 537.45 रुपये व सूरजमुखी के लिए 741.32 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से निर्धारित की गई है। वहीं फसल बीमा करवाने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2023 है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना ऋणी किसानों के लिए वैकल्पिक है। यदि ऋणी किसान फसल बीमा नहीं करवाना चाहते है तो वे संबंधित बैंक को लिखित में अंतिम तिथि के 7 दिन पूर्व अर्थात 24 दिसंबर 2023 सूचित करें। वहीं फसल बदलने वाले किसान अंतिम तिथि से कम से कम 2 दिन पहले अर्थात 29 दिसंबर 2023 तक बैंक में फसल बदलवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त गैर-ऋणी किसान यदि फसल बीमा करवाना चाहते हैं तो वे अपनी जमीन की फर्द, जमीन का खेवट नंबर, बैंक पासबुक के प्रथम पेज की फोटो प्रति, आधार कार्ड, फसल बिजाई सर्टिफिकेट व मेरी फसल-मेरा ब्योरा पंजीकरण करवाने के उपरांत सीएससी से संपर्क करें।
-
सीएससी संचालक किसान का मोबाइल नंबर अपलोड करें
डॉ. सुखदेव ने कहा कि सीएससी सेंटर संचालक भी ध्यान रखें कि किसान की फसल का बीमा करते समय सभी आवश्यक दस्तावेजों को पोर्टल पर जरूर अपलोड करें। किसान का स्वयं का मोबाइल नंबर व ई-मेल पोर्टल पर पंजीकरण करें ताकि बीमा संबंधित पत्राचार बीमा कंपनी सीधे किसान से कर सके। उन्होंने जिला के किसानों से अपील की है कि अधिक से अधिक किसान अपनी फसलों का बीमा करवाएं ताकि इस योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि रबी 2023-24 में फसलों के पंजीकरण के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल आरंभ हो चुका है इसलिए किसानों से अपील की जाती है कि सभी किसान पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण करवा लें। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए किसान खंड कृषि अधिकारी व एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी से भी संपर्क कर सकते हैं।