किसान ऐलनाबाद में धरना देते हुए।
- फोटो : Sirsa
विभिन्न मांगों को लेकर उपमंडलाधिकारी के कार्यालय के समक्ष 6 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने सोमवार को कृषि मंत्री का पुतला फूंकने की चेतावनी दी है। किसान अपनी मांगों को लेकर हो रही अनदेखी से खफा हैं। अभी तक उनकी सुध लेने के लिए कोई भी अधिकारी धरनास्थल पर नहीं पहुंचा है।
धरनारत किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष प्रकाश ममेरा, अखिल भारतीय किसान सभा के जिला अध्यक्ष कॉमरेड सुरजीत सिंह शहीद भगत सिंह युवा क्लब मिठनपुरा के पूर्व प्रधान नौरंग भांभू, सह निर्देशक राजेंद्र हरडू, अमर सिंह भांभू मिठनपुरा, सरपंच भीमसेन, सुधीर, रोहताश ने बताया कि क्षेत्र के सैकड़ों किसान अपनी फसल की बिजाई, रोपाई अधर में छोड़कर धरने पर बैठे हैं। मगर किसी ने अब तक उनकी सुध नहीं ली। इस समय धान बाजरा व ग्वार का सीजन जोरों पर है मगर किसान खेत खाली छोड़कर धरने पर हैं।
साफ है कि सरकार व अधिकारियों को किसान की कोई चिंता नहीं है। किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। रोष स्वरूप सोमवार को कृषि मंत्री ओपी धनखड़ का पुतला फूंककर अपनी नाराजगी प्रकट करेंगे। इसके बाद भी मांगे न मानी गई तो आंदोलन को उग्र रूप देने की चेतावनी दी। ऐसे में पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन व सरकार की होगी।
यह हैं मांगे
2018 की नरमे की फसल का मुआवजा (बीमा क्लेम) दिया जाए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को हरियाणा सरकार लागू करवाते हुए घग्गर नदी को पीछे यमुना से जुड़ा जाए। घग्घर में आने वाले काले पानी को रोककर फिल्टर करके किसानों को सिंचाई के लिए दिया जाए। ऐलनाबाद क्षेत्र के डार्क जोन को तोड़कर के ट्यूबेल कनेक्शन दिया जाए। ऐलनाबाद ब्लॉक के विभिन्न गांव की सैकड़ों ढाणियों में 24 घंटे बिजली दी जाए।