बाबा भूमण शाह चौक पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह का पुतला फूं?
- फोटो : Sirsa
प्रदेश सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों द्वारा विधानसभा में लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के दौरान सरकार के पक्ष में विधायकों द्वारा की गई वोटिंग के विरोध में किसानों ने पुतले जलाएं। किसानों ने सरकार और सरकार के पक्ष में वोट करने विधायकों के आवास और कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और तीन जगह पर पुतला फूंका। किसानों ने कहा कि अगर अब कोई भी विधायक जिसने सरकार के पक्ष में वोट किया है और वह वोट मांगने गांवों में पहुंचा तो उसका विरोध किया जाएगा।
वीरवार को पहले भावदीन टोल प्लॉजा पर धरनारत किसानों ने डबवाली रोड स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह और हलोपा विधायक गोपाल कांडा का पुतला फूंका। यहां किसान आधे घंटे तक सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे।
गोपाल कांडा के कार्यालय पर पुलिस ने गिराया शटर
शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में पक्का मोर्चा धरनास्थल किसान प्रदर्शन करते हुए विधायक गोपाल कांडा के हिसारिया बाजार स्थित कार्यालय में पहुंचे। हालांकि पुलिस ने किसानों के पहुंचने से पहले ही कार्यालय के शटर गिरा दिए। जिसके पश्चात किसान कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे और विधायक गोपाल कांडा का पुतला फूंक उपमुख्यमंत्री आवास की तरफ चल पड़े। इसके पश्चात किसान बरनाला रोड स्थित बाबा भूम्मण शाह चौक पर पहुंचे। किसानों ने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और बिजली चौधरी रणजीत सिंह का पुतला फूंका। पुलिस बल की ओर से मंत्री आवास की तरफ आने जाने वाले रास्ते पर बैरिकेड लगा रास्ता बंद कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान बनी जाम की स्थिति
किसानों द्वारा प्रदर्शन के दौरान जगह- जगह जाम की स्थिति बनी रही। जिसके कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हिसारियां बाजार में किसानों द्वारा प्रदर्शन करने के लिए पुलिस को यहां का रोड डायवर्ट करना पड़ा। वहीं बाबा बंदा सिंह बहादुर सिंह चौक और बाबा भूम्मण शाह चौक पर भी जाम की स्थिति बनी रही।