भारतमाला परियोजना के तहत बुधवार को गांव अलीकां व डबवाली गांव में पत्थरबंदी करने के लिए नेशनल हाइवे अॅथारिटी के अधिकारी पहुंचे। परंतु किसानों ने इसका विरोध कर दिया। किसानों ने कहा कि जब तक जमीन अधिग्रहण के लिए मुआवजा राशि एक समान नहीं मिलती, तब तक कोई कार्य शुरू नही करने दिया जाएगा।
जानकारी देते हुए जसवीर सिंह अलीकं, ईश्वर सिंह, राजदीप सिंह, पप्पू सिंह, शिवचरण सिंह डबवाली, यादविंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को डबवाली गांव में एनएच के अधिकारियों ने जमीन अधिग्रहण को लेकर निशानदेही करनी शुरू की। इसी बीच जैसे ही किसानों को इस बात का पता चला तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को समझाया कि इसके लिए किसान काफी समय से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं,जब तक किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक सड़क का कार्य किसान प्रारंभ नहीं होने देंगे। किसानों के कहने पर श्रमिकों ने कार्य बंद कर वापस चले गए। इसी को लेकर बुधवार करीब 12 बजे नेशनल हाइवे के अधिकारियों ने गांव
अलीकां में अपने श्रमिकों सहित जेसीबी मशीन के माध्यम से कार्य शुरू कर दिया। जैसे ही हरियाणा किसान एकता के सदस्यों को इसकी भनक लगी तो मौके पर पहुंचकर कार्य को रूकवा दिया। उन्होनें बाजार भाव का चार गुणा मुआवजा न दिए जाने तक कार्य न करने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि किसान अधिग्रहण के मुद्दे पर एकजुट है और जगह जगह पर सरकार को घेरे हुए हैं। जब तक मुआवजा एक समान नहीं दिया जाता, किसी भी अधिकारी को किसान के खेत में नही घुसने दिया जाएगा। किसानों के विरोध को देखते हुए एनएच के अधिकारियों ने कार्य बंद कर दिया।