संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। वार्ड नंबर 10 में बंद मकान से चोर एक लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। घटना के वक्त परिवार के सदस्य बेटे के उपचार के लिए चंडीगढ़ गए हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तथ्य जुटाए।
पुलिस को दी शिकायत में गुलशन कुमार ने बताया कि उसके चाचा सुभाष चंद्र अपने बेटे के उपचार के लिए परिवार सहित चंडीगढ़ गया हुआ है। इसी का फायदा उठाकर चोर उसके चाचा के मकान में दीवार फांदकर घुसे। चोरों ने कमरों व अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जब वह घर संभालने के लिए आया तो बाहर के गेट का ताला सही लगा हुआ था। जब वह ताला खोलकर अंदर गया तो देखा कि कमरों में सामान बिखरा पड़ा है। उसने तुरंत अपने चाचा को इस बारे सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर तथ्य जुटाए। पुलिस आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि जल्द से जल्द चोरों का सुराग लगाया जा सके।