फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नई वार्डबंदी : सर्वे अंतिम चरण में, जल्द घोषित होंगी वार्डों की सीमाएं

विज्ञापन
नगर परिषद भवन सिरसा। संवाद - फोटो : Sirsa
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सिरसा। शहर के सभी वार्डों की नई सीमाएं जल्द निर्धारित हो जाएंगी। इसके लिए सर्वे का काम अंतिम चरण में चल रहा है। सर्वे रिपोर्ट मिलने पर नगर परिषद स्थानीय निकाय विभाग को भेजेगी। मंजूरी मिलने के बाद नई वार्डबंदी लागू हो जाएगी। ऐसे में जहां एक ओर शहर में विकास के रास्ते खुलेंगे, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद चुनाव भी हो पाएंगे। इसके अलावा नई वार्डबंदी से वार्डों की सीमाएं के साथ निवर्तमान पार्षदों के समीकरण बिगड़ेंगे और उन्हें नये सिरे से वोट बैंक तैयार करना होगा।
नगर परिषद के तहत शहर में 31 वार्ड हैं। इन वार्डों में करीब चार लाख की आबादी है। सरकार के नियम के अनुसार हर 10 साल बाद नये सिरे से वार्डबंदी की जाती है। ऐसे में शहर की भी नई वार्डबंदी की जा रही है। अभी कुछ समय पहले ही शहर सीमा से सटे बाहरी इलाकों को नगर परिषद की हद में शामिल किया गया है। ये पहले पंचायतें थी, अब नप सीमा में आ जाएंगे। ऐसे में विकास के रास्ते खुलेंगे, वहीं दूसरी ओर प्रॉपर्टी खरीद-बेच में भी आसानी होगी। इतना ही नहीं वार्डों में सफाई का काम, गलियों के निर्माण का काम और कूड़ा उठान का काम भी आसान होगा।
विज्ञापन

सर्वे का 80 फीसदी काम पूरा
नगर परिषद ने शहर का सर्वे करने का ठेका एजेंसी को काम सौंप रखा है। बताया जा रहा है कि सर्वे का 80 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। उम्मीद है कि आगामी 8 से 10 दिन के भीतर सर्वे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सर्वे एजेंसी नगर परिषद अधिकारियों को सर्वे की विस्तृत रिपोर्ट सौंप देगी। रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद जिला अधिकारी स्थानीय निकाय विभाग को भेजेंगे। विभाग से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। उसके बाद ही सिरसा नगर परिषद के चुनाव करवाए जाने को लेकर तैयारी शुरू होगी। नगर परिषद का कार्यकाल खत्म हो चुका है, लेकिन चुनाव न होने के कारण अभी तक प्रशासन ही कामकाज देख रहा है। नगर परिषद प्रधान के रूप में एसडीएम जयवीर यादव के पास प्रशासक का कार्यभार है।
निवर्तमान पार्षदों की धड़कने बढ़ी, नये सिरे से तैयार करना होगा वोट बैंक
पिछली बार चुनाव लड़ चुके पार्षदों के दिलों की धड़कन बढ़ चुकी है। नई वार्डबंदी के बाद वार्डों की सीमाएं प्रभावित होंगी। किसी वार्ड से वोट दूसरे वार्डों में शिफ्ट होंगे, तो किसी वार्ड में नये मतदाता शामिल होंगे। ऐसे में निवर्तमान पार्षदों को नये सिरे से मेहनत करते हुए अपना वोट बैंक दोबारा तैयार करना होगा। इतना ही नहीं प्रत्येक व्यक्ति से संपर्क बनाकर उन तक पहुंच बनानी पड़ेगी। बताया जा रहा है जैसे ही सर्वे खत्म होगा, उसके एक से दो माह के भीतर सरकार चुनाव करवाने की भी तैयारी कर रही है।
ये एरिया नगर परिषद सीमा में हुए शामिल
हाल ही में नगर परिषद की सीमा में कई इलाके नये शामिल हुए हैं। इनमें डबवाली रोड से सटे चत्तरगढ़ पट्टी, हिसार रोड पर खैरपुर, हाईवे के साथ लगता वैदवाला, बाजेकां, कंगनपुर, खाजाखेड़ा और रानियां रोड स्थित रामनगरिया एरिया शामिल है।
विज्ञापन

नगर परिषद और शहरवासियों को ये होंगे लाभ
प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में नगर परिषद को पहले से ज्यादा राजस्व आएगा।
शहरवासियों के लिए कूड़ा उठान, सफाई का काम हो सकेगा।
खस्ताहाल गलियों का निर्माण हो सकेगा।
नक्शे पास करवाने के लिए पंचायतों के बजाय नगर परिषद के पास जाएंगे।
शहरी तर्ज पर विकास कार्य होंगे।
सर्वे पूरा होते ही भेजेंगे विभाग को रिपोर्ट : कार्यकारी अधिकारी
वार्डबंदी का सर्वे पूरा होने वाला है। सर्वे रिपोर्ट आते ही विभाग के मुख्यालय भेज दी जाएगी। इसके बाद मंजूरी मिलने पर चुनाव की तैयारियां करेंगे।- संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें