हेलो.... क्या आपको भूकंप आने की जानकारी मिली है। अगर नहीं तो सचेत हो जाओ, कुछ ही देर में भूकंप आने वाला है। ये बातें रविवार सुबह तीन बजे से लोग फोन पर अपने परिचितों को देते नजर आए। देखते ही देखते शहर और गांवों में लोग घरों से बाहर गलियों और सड़कों पर बैठ गए। दो घंटे तक जिले में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के गुरुद्वारों में तो इसकी एनाउंसमेंट लाउडस्पीकर से की गई। जब पांच बजे तक भूकंप नहीं आया तो लोग घरों के अंदर चले गए। बताया जा रहा है कि पंजाब से अफवाह आई।
रविवार सुबह तीन बजे लोगों के घनाघन फोन बजने लगे कि सुबह पांच बजे तक बड़ा भूकंप आने वाला है। इससे भयभीत लोग परिजनों संग घरों से बाहर निकल आए। सिरसा शहर की करीब हर कॉलोनी में लोग गलियों में खडे़ मिले, जबकि कुछ लोग कुर्सी लेकर बाहर बैठे रहे। महिलाओं ने अपने छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए कपड़ों में लपेटा हुआ था।
पंजाब से रिश्तेदारों और परिचितों का आया फोन
ग्रेवाल बस्ती निवासी मोहित कुमार, प्रिंस, गल कारखाना निवासी देवेंद्र सिंह, मदन लाल, हॉकर अशोक कुमार, अग्रसेन कॉलोनी निवासी राजीव कुमार, कपिल कुमार, नोहरिया बाजार निवासी साहिल कुमार, पवन गर्ग आदि ने बताया कि पंजाब में रह रहे उनके रिश्तेदारों ने फोन पर उन्हें बताया कि सुबह पांच बजे भूकंप आने वाला है।
मोबाइल और व्हाट्स एप ने बढ़ाई टेंशन
रानियां। रविवार सुबह भूकंप आने की अफवाह से रानियां शहर सहित आसपास के गांवों में लोगों ने दहशत में दो घंटे बिताए। मोबाइल और व्हाट्स एप पर आए मौसेज ने लोगों की टेंशन बढ़ा दी।
गलियों मेें अलाव सेंकते नजर आए लोग
ओढां। लोग रविवार अल सुबह तीन बजे घरों से बाहर गलियों मेें आ गए और अलाव सेंककर समय बिताया। ओढां, रताखेड़ा, नुहियांवाली, घुंकावाली, बड़ागुढा, ढाबां, भंगू सहित अनेक गांवों में भी भूकंप आने की अफवाह फैली।
रेलवे स्टेशन, हुडा कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों सड़कों पर आए लोग
कालांवाली। शहर में रविवार अल सुबह सोशल मीडिया और गुरुद्वारों में भूकंप आने की चेतावनी दी गई। लोग शनिवार रात अपने घरों में सोए थे कि रविवार अल सुबह करीब तीन बजे उनके रिश्तेदारों और जानकारों का फोन आया कि शीघ्र घरों से बाहर निकल जाओ, भूकंप आने वाला है। वहीं शहर और कई गांवों के गुरुद्वारों में एनाउंसमेंट की गई, जिसके चलते हर गली-मोहल्ले के लोग घरों से बाहर सड़कों पर आ गए। भूकंप की अफवाह फैलने के बाद रेलवे स्टेशन, हुडा कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में लोग घरों से बाहर खुले में आ गए, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई हलचल न होने पर वापस घरों में चले गए।