आठ राज्यों के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
फोटो- 11 से 14
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। सामाजिक संस्था वरच्युस क्लब की ओर से बुधवार को गुरु नानक कॉलेज किलियांवाली के सहयोग तथा उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के तत्वावधान में फाल्गुन महोत्सव का आयोजन गुरु नानक कॉलेज किलियांवाली में किया गया। एल्युमिनाई एसोसिएशन गुरु नानक कॉलेज का भी विशेष सहयोग रहा।
समारोह का शुभारंभ शशि प्रभा अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में देश के आठ राज्यों के कलाकारों ने अपनी लोक कला और संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में हरियाणा के फाग व घूमर, उत्तर प्रदेश के बरसाना की होली, हिमाचल प्रदेश की सिरमौरी नाटी, कश्मीर का बच नगमा व रूफ, पंजाब का भांगड़ा, गुजरात का डांडिया व गरबा, झारखंड का पुरुलिया छाऊ तथा राजस्थान का प्रसिद्ध भवाई लोक नृत्य विशेष आकर्षण के केंद्र रहे।
इन विविध रंगों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की समृद्धता और विविधता का सुंदर चित्र प्रस्तुत कर अतुल्य भारत की विशाल संस्कृति के दर्शन करवा के अनेकता में एकता का संदेश दिया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि में पवन सोनी, नितिन गर्ग, एसएस जौडॉ, प्रिंसिपल कमलप्रीत कौर,नीरज जिंदल, प्रिंसिपल सुरिंदर ठाकुर भी मौजूद रहे।
भारत की समृद्ध लोक संस्कृति से विद्यार्थियों को जोड़ना रहा उद्देश्य
इससे पहले प्रकल्प प्रमुख जतिंद्र शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों व अन्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारत की समृद्ध लोक संस्कृति से जोड़ना है ताकि नई पीढ़ी लोक कथाओं, लोक संगीत, लोक वाद्यों और लोक नृत्यों को करीब से समझ सके। एंकर संजीव शाद ने अपनी शायरी व मोटिवेशनल बातों से कार्यक्रम को बांध के रखा। सह निर्देशक जरनैल सिंह ने कहा सेंटर का मुख उद्देश्य वर्तमान दौर में देश की गौरवशाली कला संस्कृति का प्रचार प्रसार करना है। इस संस्कृति यात्रा ने फाग महोत्सव के तहत श्री अमृतसर साहिब से शुरू होकर पठानकोट, फिरोजपुर, मोगा, बरनाला के बाद डबवाली से हरियाणा में प्रवेश किया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय में आज होगा समापन
12 मार्च को जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां में इसका समापन होगा। गुरुनानक कॉलेज व एल्युमिनाई एसोसिएशन की तरफ से आठों प्रदेशों की टीमों को सम्मानित किया गया जबकि क्लब की तरफ विशिष्ट अतिथियों को सम्मान चिह्न दिए गए। कार्यक्रम में लोक गायिका रजनी सागर ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मंच संचालन नरेश शर्मा ने किया जबकि वरच्युस क्लब प्रधान हरदेव गोरखी व नीरज जिंदल ने सभी का धन्यवाद किया।