-श्री खाटू श्याम धाम में एकादशी मेले के दिन सुबह श्याम बाबा की शृंगार आरती से महोत्सव का शुभारंभ
-शहर व गांवों से ध्वजा लेकर आने वाले पैदल यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया
फोटो- 20, 21
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। श्री खाटू श्याम धाम रानियां रोड में दो दिवसीय फाल्गुन महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया गया। एकादशी मेले के दिन सुबह श्याम बाबा की शृंगार आरती से महोत्सव का शुभारंभ हुआ। मंदिर कमेटी के प्रधान श्याम सुंदर गुप्ता व दीपा गुप्ता ने सपरिवार बाबा को बाल भोग प्रसाद लगाया व भक्तों में वितरित किया गया।
मंदिर के प्रवक्ता दीपेश गोयल ने बताया ने बताया कि शहर व गांवों से ध्वजा लेकर आने वाले पैदल यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। शाम 7.30 बजे बाबा को भंडारे का विशेष भोग लगाकर सभी भक्तों में वितरित किया गया। शाम 8 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ संजीव गुप्ता ने किया। डा. श्याम सुंदर गुप्ता, राकेश वत्स व उनकी टीम ने अपनी मधुर वाणी से म्हाने खाटू में बुलाले बाबा श्याम के आयो मेलों, चिट्ठी लायी रे कोयलिया मन बसिया की रे रंग रसिया की चिट्ठी लाई रे, श्याम धणी को आयो रे बुलावो, चालो खाटु धाम आयो फागणियो, मेले म मिलेगो म्हारो सांवरियो, फागुन आया रे चलो श्याम के द्वार... सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को खूब रिझाया।
बाबा की हुई महाआरती
मध्य रात्रि में बाबा की महाआरती हुई। द्वाद्वशी को सुबह 9 बजे से बाबा की फागण शुक्ला बारस की धोक लगाई गई व बाबा की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित की गई। साथ में बाबा को विशेष अर्जी व अरदास लगाई गई। पूरे दिन श्याम बाबा का मेला आयोजित किया गया और दूर-दूर से आकर भक्त बाबा के दर्शन करने के लिए पहुंचे। इस अवसर पर प्रात: भक्तों को खीर-चूरमे व 56 भोग का प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर संजीव गुप्ता, सुमित नुहियांवाली, राजेश बांसल, मोहित महेश्वरी, हर्ष, सुमित चौधरी व अन्य मौजूद रहे।
4 मार्च को होली महोत्सव की रहेगी धूम
4 मार्च को सुबह 10.30 बजे होली के रंग-चंग धमाल के संग महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। चंग धमाल और श्याम भजनों के साथ झूमते हुए फूलों की होली खेली जाएगी। झुंझुनू से पधारे श्याम सैनी बांसुरी चंग पार्टी अपनी प्रस्तुति से बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। उन्होंने श्याम श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा संग होली खेलें।