हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो प्रमुख चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश की परिस्थितियां साफ जाहिर हैं कि हर वर्ग का व्यक्ति सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान है। आने वाले समय में जल्द ही देश-प्रदेश में परिवर्तन आएगा। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि आज के राजनीतिक हालातों के मुताबिक मैं जेल में ज्यादा सुखी हूं, क्योंकि जेल में मुझे समाचार पढ़ने, देखने और अन्य कामों के लिए पूरा समय मिलता है। वे वीरवार को बार रूम में अधिवक्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
पेरोल के दौरान करूंगा प्रदेश का ज्यादा से ज्यादा दौरा
पूर्व सीएम चौटाला ने कहा कि वे पांच वर्ष बाद पेरोल पर जेल से बाहर आप लोगों से मिलने पहुंचे हैं, ताकि आप लोगों से मुलाकात कर मौजूदा हालातों के बारे में जानकारी हासिल कर सके। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि पेरोल अवधि के दौरान वह ज्यादा से ज्यादा प्रदेश का दौरा कर लोगों से मिल उनकी परेशानियां जान सकें, क्योंकि आज हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में राजनीति से जुड़ा हुआ है।
पंजाब विस में भाजपा के हिस्से 23 में से एक भी सीट नहीं
चार फरवरी को पंजाब प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों पर विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को सुझाव दिया था कि आज हर वर्ग भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान है और वे भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ें, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के हिस्से पंजाब विधानसभा की 23 सीटों में से एक भी नहीं आएगी और शिअद को भी इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।
पंजाब में ‘आप’ का कोई जनाधार नहीं, आने वाला समय इनेलो का
आम आदमी पार्टी ‘आप’ के बारे में उन्होंने कहा कि पंजाब में ‘आप’ का कोई जनाधार नहीं है। दिल्ली में सरकार बनने के बाद ही ‘आप’ चर्चा में आई थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में जिस ढंग से प्रशासनिक ढांचा चल रहा है, उससे जनता संतुष्ट नहीं है और खुद सरकार को भी पता नहीं है कि प्रशासन कौन चला रहा है।
आज की परिस्थितियों से साफ जाहिर है कि आने वाला समय इनेलो का होगा। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से आह्वान किया कि आज के वर्तमान हालातों से आप वाकिफ हैं, इसलिए सभी एक-दूसरे के सुख-दुख के भागीदारी बनें। एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने उन्हें पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर एसोसिएशन सचिव एडवोकेट चरणजीत सिंह सिद्धू, एडिटर संतोख सिंह, पूर्व प्रधान जतिंद्र खैरा, जतिंद्र दंदीवाल, सुखबीर सिंह बराड़, कुलदीप सिद्धू, धर्मवीर कुलड़िया, विनोद बिश्नोई, गुरविंद्र मान, जगदीप सिंह, महावीर यादव, पूर्व विधायक डॉ. सीता राम, डॉ. गिरधारी लाल गर्ग, रणवीर राणा, सर्वजीत मसीतां, रणदीप सिंह मटदादू सहित कई अन्य इनेलो कार्यकर्ता मौजूद थे। इससे पूर्व कोर्ट परिसर में पहुंचने पर एसोसिएशन प्रधान एडवोकेट जेबी मिड्ढा, उपप्रधान इंद्रजीत सिंह ने अन्य सदस्यों के साथ उनका स्वागत किया।