सिरसा। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जिले की सभी नगर परिषद, नगर पालिका के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान गुप्ता ने स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के लिए कई निर्देश दिए।
मंत्री डॉ. गुप्ता ने नगर परिषद सिरसा, डबवाली, नगर पालिका ऐलनाबाद, कालांवाली, रानियां में तिरंगा लाइट लगाने के कार्य की प्रगति जानी। इस कार्य की समीक्षा की। उन्होंने खंबों पर होर्डिंग न लगाने के लिए कहा ताकि तिरंगा लाइटें न टूटें और न खराब हों।
नगर परिषद क्षेत्रों में कम से कम 1,500 और नगर पालिका क्षेत्रों में 500 से अधिक तिरंगा लाइटें लगवाएं ताकि शहर की हर गली और चौराहा देशभक्ति के रंगों से रोशन हो और युवाओं में देशभक्ति का संदेश पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पार्कों और मुख्य स्थानों पर फव्वारे लगवाए जाएं। चाराहों पर लाल किला, अशोक चक्र, संसद भवन, राम मंदिर, इंडिया गेट, चंद्रयान, शंख के मॉडल बनाए जाएं ताकि शहर की सुंदरता और भी उभर कर सामने आए। पार्कों में जिम, झूले, हरियाली के लिए घास, पगडंडी दुरुस्त होनी चाहिए।
श्मशान घाट भी सुंदर बनाए जाएं। हर अधिकारी और कर्मचारी यह प्रयास करें कि जिले के शहरी क्षेत्र पूरी तरह से स्वच्छ और सुंदर नजर आएं। इस बैठक में जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र कुमार सहित नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निजी पार्किंग के लिए मार्किंग करवाना अनिवार्य
मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि सड़कों, स्कूलों और अन्य मुख्य स्थानों पर पार्किंग के लिए मार्किंग करवाना अनिवार्य है। यदि कोई निजी पार्किंग मालिक वाहनों को सही ढंग से खड़ा करने के लिए मार्किंग नहीं करवाते हैं तो उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं।
सड़कों पर जेब्रा क्रॉसिंग होनी चाहिए ताकि वाहनों को सही ढंग से खड़ा किया जा सके और यातायात बाधित न हो। उन्होंने कहा कि वे इन कार्यों की समीक्षा जल्द करेंगे। इसलिए संबंधित अधिकारी ये सभी कार्य इसी माह पूरे करवाएं।