नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीज संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में तीन माह बाद अब इमरजेंसी वार्ड शिफ्ट कर मरीजों का इलाज शुरू कर दिया है। इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों के लिए यहां पर 10 आईसीयू बेड और 10 सामान्य बेड लगाए गए है। इससे पहले इमरजेंसी वार्ड नागरिक अस्पताल के भवन के नशा मुक्ति केंद्र में चलाया जा रहा था। ट्रामा सेंटर को कोविड वार्ड में बदल कोरोना मरीजों का इलाज किया जाता था।
कोरोना संक्रमण के मामलों की कमी आने के बाद नागरिक अस्पताल में सभी सेवाएं शुरू कर दी गई है। मरीजों के इलाज और सर्जरी प्रक्रिया भी अस्पताल प्रशासन की ओर से बहाल की गई है। मंगलवार को आउटसोर्सिंग नीति के तहत नियुक्त कर्मचारियों के वापस लौटने के बाद अस्पताल में व्यवस्थाओं में भी काफी सुधार हुआ है। अस्पताल में साफ सफाई, पानी की समस्या और गंदगी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन कर्मचारियों के लौटने के बाद स्थिति अब सामान्य हो चुकी है। जिले अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी केंद्रों के 624 कर्मचारी लगातार 12 दिनों तक हड़ताल पर होने के कारण अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थिति खराब हो चुकी थी। कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी मंगलवार को काम पर लौट गए।
नशा मुक्ति केंद्रों में जगह कम होने के कारण मरीजों को झेलनी पड़ती थी परेशानी
कोरोना काल के दौरान ट्रामा सेंटर में ही कोरोना मरीजों का इलाज और जांच की जाती थी। इसके चलते इमरजेंसी वार्ड को नशा मुक्ति केंद्र में शिफ्ट कर दिया गया। नशा मुक्ति केंद्र में जगह की कमी होने और कमरे कम होने के कारण मरीजों और चिकि त्सकाें को परेशानी का सामना करना पड़ता था। ट्रामा सेंटर में अब कोरोना के सैंपल ही लिए जाते है। भवन खाली होने के बाद ट्रामा सेंटर में इमरजेंसी वार्ड शिफ्ट कर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।
ट्रामा सेंटर में इमरजेंसी वार्ड शिफ्ट कर दिया गया है। 10 आईसीयू और 10 अन्य बेड वार्ड में लगाए गए हैै। मरीजों की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद अब स्थिति सामान्य है।
-डॉ. संदीप गुप्ता, चिकित्सक अधीक्षक, नागरिक अस्पताल सिरसा