शहर के पाश एरिया ईरा गार्डन में शुक्रवार को बिजली निगम के कर्मचारियों ने घरेलू कनेक्शन के तहत घरों में बिजली कनेक्शन लगाने का काम शुरू कर दिया है। पहले दिन बिजली निगम ने करीब 15 कर्मचारियों ने 25 मीटर लगाए। कर्मचारियों ने करीब एक बजे मीटर लगाने का काम शुरू किया और शाम पांच बजे तक काम जारी रखा। इसके साथ ही बिजली निगम ने कालोनी में बिजली सप्लाई शुरू कर दी है।
हालांकि अभी बिजली सप्लाई केवल उन्हीं घरों को मिलेगी, जिन्होंने कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। करीब 65 लोगों ने शुक्रवार को मीटर कनेक्शन लगाने के लिए आवेदन किया था। विभाग के मुताबिक शनिवार को भी मीटर लगाने का काम जारी रहेगा। कालोनी के वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान शगनजीत सिंह गिल ने बताया कि मीटर लगाने का काम शुरू हो गया है। बता दे कि ईरा कॉलोनीवासियों ने बिजली निगम को 71 लाख रुपये के बिल की पहली किश्त 12 लाख रुपये का डीडी बनाकर सौंप दिया गया। यहां के लोगों को 71 लाख रुपये करीब 6 महीनों में 6 किश्तों में भरने होंगे। हर माह किश्त अदा की जाएगी। कॉलोनी में करीब 162 घर है।
ये था मामला
शहर के बरनाला रोड पर करीब 2004 में ईरा ग्रुप ने ईरा गार्डन विकसित की। ईरा ग्रुप में अपने शापिंग कांप्लेक्स के लिए एक नॉन डोमेस्टिक कनेक्शन लिया। कंपनी इस कनेक्शन से ही घरों को बिजली सप्लाई करती थी। ईरा गार्डन की वेलफेयर एसोसिएशन ने इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष यह मामला रखा। साल दर साल बिल की राशि बढ़ती हुई एक करोड़ 92 लाख रुपये तक पहुंच गई। कॉलोनी के लोगों ने बिजली निगम के पास नॉन डोमेस्टिक कनेक्शन को डोमेस्टिक कनेक्शन में बदलने का अनुरोध किया और उसी के आधार पर प्रति यूनिट खपत के चार्ज वसूलने के लिए आवेदन किया। बिजली निगम ने इस बिल की फाइल को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर को भेजा। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने ईरा ग्रुप के नॉन डोमेस्टिक कनेक्शन को डोमेस्टिक कनेक्शन में बदलने की फाइल को अप्रूव कर दिया और डोमिस्टक कनेक्शन के आधार पर करीब 71 लाख रुपये का बिल बनाया।