सिरसा। गांव रंगड़ी खेड़ा के पास मंगलवार रात को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान पति की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने घायल पत्नी के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव रंगड़ी खेड़ा निवासी विक्रम चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में इलेक्ट्रीशियन था, जबकि उसकी पत्नी संतोष हॉस्टल में अटेंडेंट हैं। मंगलवार रात करीब आठ बजे विक्रम अपनी पत्नी संतोष रानी के साथ बाइक पर सवार होकर सिरसा से रंगड़ी खेड़ा जा रहा था।
विज्ञापन
जगदेव मिल के पास पहुंचे तो सामने से रंगड़ीखेड़ा की तरफ से आ रहे ओवर स्पीड वाहन ड्राइवर ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी। इससे विक्रम और उसकी पत्नी संतोष सड़क पर गिर गए। हादसे में विक्रम के सिर व शरीर पर चोटें लगीं। पति की गंभीर हालत देखकर संतोष बेहोश हो गई।
जांच अधिकारी अजीत सिंह का कहना है कि संतोष के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बुधवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।