11 से 13 अगस्त की हड़ताल के समर्थन में किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त साझा संघर्ष समिति के आह्वान पर सोमवार को बिजली कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन 11, 12 और 13 अगस्त को प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाने के लिए था। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एचएसईबी शहरी यूनिट के सीताराम और एएचपीसी के मीत चंद ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। एचएसईबी वर्कर्स यूनियन के प्रदेश प्रवक्ता श्याम लाल खोड़ और एएचपीसी के मुख्य सलाहकार सुरजीत सिंह बेदी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
सर्कल सचिव सतिंद्र मोंगा और मदनलाल ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने रिस्क अलाउंस लागू करने और लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रमुख मांगें
सीताराम और मीत चंद ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी तथा एग्री डिस्कॉम योजना को कर्मचारी विरोधी बताया। उन्होंने इन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की। सतबीर और कनीराम ने एचकेआरएन कर्मचारियों की जॉब सिक्योरिटी और समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग उठाई। संघर्ष समिति के नेताओं ने रिक्त पदों पर नियमित भर्ती की भी मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।