सिरसा। आरएसडी कॉलोनी में शनिवार सुबह एक मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फट गई। इससे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक बाइक व पांच स्कूटियां जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि आग मकान के अंदर तक नहीं फैली, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। किरायेदार ने आगजनी की सूचना दमकल विभाग को दी।
इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और 20 मिनट में आग पर काबू पाया। घटना के समय मकान मालिक राकेश गोयल सिरसा से बाहर गया हुआ था। आरएसडी कॉलोनी में राकेश गोयल का मकान है। राकेश गोयल ने अपना मकान का निचला हिस्सा अश्वनी कुमार को किराये पर दे रखा है। अश्वनी कुमार ने बताया कि उसने मकान के बरामदे में अपनी तीन स्कूटी खड़ी की हुईं थी।
एक बाइक व दो स्कूटी मकान मालिक का खड़ा था। शुक्रवार रात को उसने एक स्कूटी चार्जिंग पर लगा दी। इसके बाद परिवार वाले खाना खाकर सो गए थे। सुबह करीब छह बजे उसने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। उसने गेट खोला तो बरामदे में वाहनों में भीषण आग लगी हुई देखी। इसके बाद उसने तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
कुछ ही देर में दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। अश्वनी कुमार ने बताया कि धमाका इतना तेज था की फर्श तक फट गया। अश्वनी कुमार का कहना है कि आगजनी से पांच स्कूटी व एक बाइक जलकर राख हो गई है। इससे करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।