संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शिक्षा विभाग ने पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चों की भाषाई निपुणता को जांचने के लिए रफ्तार प्रतियोगिता की शुरुआत की है। यह प्रतियोगिता राजकीय स्कूलों में आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य बच्चों को भाषा पढ़ने में कुशल बनाना है।
इसके तहत विद्यार्थियों को तय समय में पढ़कर समझना होगा। प्रतियोगिता क्लस्टर स्तर से लेकर राज्य स्तर तक की होगी और चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किए थे। कलस्टर व खंड स्तर की प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं और अब 14 से 20 अक्तूबर को जिला स्तर व 21 से 27 अक्तूबर को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में शब्दों का पठन, जानवरों और वस्तुओं के बारे में बोलना, छोटी कहानियों का रिले पठन, टंग ट्विस्टर व मजेदार उल्टा पठन शामिल हैं।
निपुण हरियाणा मिशन कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान पर कार्य किया जा रहा है। सर्वे में सामने आया है कि प्राथमिक कक्षाओं में विद्यार्थी जो पढ़ते व सीखते हैं। वह उन्हें आगे चलकर निपुण बनाता है। इसी के लिए रफ्तार प्रतियोगिता शुरू की गई है। - बूटाराम, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सिरसा।