संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। धूल भरी आंधी ने सोमवार देर रात को ही लोगों की परेशानी बढ़ा दी। अंधड़ के कारण शहर में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही जबकि कई क्षेत्रों में बिजली के पोल और पेड़ गिरने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में मंगलवार दिनभर आसमान में धूल का गुबार छाया रहा। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आसमान में धूल भरा गुबार छाने और कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने के कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान में भी दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि दिनभर चली गर्म हवाओं ने लोगों को काफी परेशान किए रखा। धूल भरा मौसम होने के कारण लोगों को सांस लेने में भी कुछ हद तक परेशानी उठानी पड़ी। वहीं मौसम विशेषज्ञ के अनुसार आने वाले दो दिनों तक जिले में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिससे लोगों को काफी लाभ मिलेगा। गर्मी अधिक बढ़ने के कारण अब लोग कूलर व एससी का भी सुबह से लेकर शाम तक इस्तेमाल करते हुए नजर आ रहे हैं।
-
रात एक बजे शुरू हुई आंधी, सुबह पांच बजे तक बिजली बाधित
सोमवार देर रात करीब एक बजे अंधड़ आना शुरू हो गया। धूल भरे अंधड़ के कारण हर तरफ मिट्टी व धूल जैसी स्थिति बन गई। ऐसे में सुबह धूल भरा मौसम होने के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात को अंधड़ आने के साथ ही शहर में बिजली सप्लाई बाधित हो गई। अंधड़ जाने के बाद भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हुई तो शहर वासियों ने इस संबंध में सुविधा केंद्र में शिकायत देनी शुरू कर दी। रात एक बजे से सुबह पांच बजे तक बिजली निगम में स्थित सुविधा केंद्र में करीब 500 शिकायतें आई हैं। जिनमें बिजली ट्रांसफार्मर में फाॅल्ट होने और बिजली लाइन टूटने की शिकायतें भी दर्ज हुई हैं। बिजली निगम कर्मचारियों ने बिजली लाइनों को दुरुस्त कर सुबह साढ़े पांच बजे तक बिजली आपूर्ति शुरू कर दी। हालांकि दिन में भी कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली के कट लगते रहे।
-
इस तरह अब मौसम में बदलाव होने की संभावना
मौसम विशेषज्ञ अनुसार बुधवार व वीरवार को जिले में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिसके चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है। जिससे जिला वासियों को गर्म हवा से कुछ हद तक राहत मिल पाएगी। हालांकि मंगलवार शाम को भी आसमान में बादल छाने से तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है।
-
वर्जन
रात को अंधड़ के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रही है। सभी तारों की मरम्मत करने के बाद सुबह बिजली सप्लाई शुरू कर दी है। तारों की मरम्मत करने का लगातार काम चल रहा है।
-मोहन लाल जांगड़ा, एसडीओ, बिजली निगम सिरसा।