फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: सूखे हलक, खाली टैंक...रामपुरा ढिल्लो में 15 दिनों से बूंद-बूंद को तरस रही 5 हजार की आबादी

Wed, 17 Jun 2026 10:44 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
रामपुरा ढिल्लो गांव के जलघर के टैंक को टैंकर से भरा जा रहा है। 
विज्ञापन
चोपटा। गांव रामपुरा ढिल्लो में 15 दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है जिससे ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की लापरवाही के चलते जलघर के टैंक पूरी तरह खाली पड़े हैं। पेयजल किल्लत के चलते बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारियों के बहुत चक्कर काट चुके। अब 19 जून को मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या से अवगत करवाएंगे और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे।
विज्ञापन

ग्रामीण सुरजाराम नंबरदार, सीताराम, कृष्ण ढाका, देवीलाल हुड्डा और अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि जलघर की डिग्गियां खाली होने के साथ-साथ यहाँ की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जलघर की मोटर लंबे समय से खराब पड़ी है और परिसर की दीवारें टूटी हुई हैं। चारदीवारी न होने के कारण आवारा पशु आसानी से अंदर घुस जाते हैं, जिससे गंदगी फैलती है।
कर्मचारियों की कमी से बढ़ी मुसीबत
राममूर्ति, रमेश शर्मा, अमर सिंह पुजारी, ओम बिडासरा, डॉ. इंद्रपाल, बलजीत, राजेंद्र टांडी, राजेंद्र ढिल्लो, सतबीर, राजेश, दाताराम, अनिल ने बताया कि विभाग की अनदेखी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिस जलघर के सुचारु संचालन के लिए कम से कम 6 कर्मचारियों की जरूरत है। वहां पूरी व्यवस्था महज एक कर्मचारी के भरोसे छोड़ी गई है। स्टाफ की इस भारी कमी के कारण समय पर रखरखाव और मरम्मत का काम नहीं हो पा रहा है।
विज्ञापन

आखिरी छोर तक नहीं पहुंचता पानी, टैंकरों का सहारा
ग्रामीण नंदलाल ढिल्लो और सुखबीर ढिल्लो ने बताया कि जब कभी पानी की सप्लाई आती भी है, तो टेल पर स्थित घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता। मजबूरन ग्रामीणों को महंगे दामों पर निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इस समस्या के लिए ग्रामीण कई बार अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

गांव की पेयजल समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही इसका स्थायी समाधान कराया जाएगा। ग्राम पंचायत इस संकट में पूरी तरह ग्रामीणों के साथ खड़ी है। - रविल सिंवर, सरपंच, रामपुरा ढिल्लो
-
ग्रामीणों की शिकायत मिलने के बाद संबंधित स्टाफ से बात की गई है। गांव में जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। इसके साथ ही जलघर में व्यवस्था सुधारने के लिए तीन अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए हैं। - अश्वनी तायल, जेई, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें