मेडिकल स्टोर पर जांच करते हुए ड्रग्स विभाग के अधिकारी।
डबवाली। पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने ड्रग कंट्रोलर को साथ लेकर एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर नशे में वैकल्पिक तौर पर प्रयुक्त होने वालीं प्रतिबंधित दवाएं बरामद कीं। ड्रग विभाग की ओर से मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस दिया गया। जांच के दौरान दुकान से 360 गोलियां ट्रामाडोल व 365 प्रीगैबलिन कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनका संचालक कोई बिल पेश नहीं कर पाया।
जानकारी के अनुसार, वीरवार को देर सायं मलोट रोड पर देवी लाल स्मारक के सामने गली में स्थित ग्रोवर मेडिकल स्टोर पर डबवाली पुलिस के स्पेशल स्टाफ प्रभारी अरविंद कुमार की सूचना के आधार पर ड्रग कंट्रोलर सुनील महला ने स्पेशल स्टाफ टीम के साथ मिलकर दबिश दी। ड्रग विभाग की टीम ने जब मेडिकल स्टोर की जांच की तो जांच के दौरान वहां से ट्रामाडोल गोलियां व प्रीगैबलिन कैप्सूल बरामद हुए।
जब मेडिकल संचालक रूपिंदरजीत सिंह से इन दवाओं का बिल मांगा तो वह मौके पर कोई बिल पेश नहीं कर सका। इस संबंध में ड्रग कंट्रोलर सुनील महला ने बताया कि उन्होंने स्पेशल स्टाफ के साथ ग्रोवर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा था। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी किया गया है।