सिरसा में ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक करते डीएसपी राज सिंह।
सिरसा। नाथूसरी चौपटा खंड के डीएसपी राज सिंह ने सोमवार को गांव शेरपुरा और खेड़ी में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा एक ऐसी गंभीर समस्या है जो समाज के लिए बहुत बड़ा खतरा बन चुका है। यह न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि समाज की सामाजिक व आर्थिक स्थिति को भी बुरी तरह प्रभावित करता है।
डीएसपी राज सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत से व्यक्ति की सोच और व्यवहार में नकारात्मक बदलाव आता है, जिसके कारण वह अपने परिवार और समाज के प्रति जिम्मेदारियों को निभाने में असमर्थ हो जाता है। नशा व्यक्ति की सेहत को खोखला कर देता है और कई गंभीर बीमारियों को जन्म देता है।
नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार टूटते हैं और समाज में अपराध एवं हिंसा की घटनाएं बढ़ती हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव के लिए सरकार, सामाजिक संगठनों और परिवारों को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।