ओढां में शिविर में मरीजों की जांच करते चिकित्सक।
ओढ़ां। शाह सतनाम स्पेशेलिटी अस्पताल सिरसा की ओर से ओढ़ां खंड के गांव जलालआना में एक दिवसीय नि:शुल्क चिकित्सा जांच शिविर लगाया गया। शिविर में अस्पताल से डॉ. संदीप भादू के नेतृत्व में पहुंची टीम ने 36 मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयों के साथ-साथ उचित परामर्श भी दिया।
डॉ. संदीप भादू ने कहा कि इस समय लोगों में ब्लड प्रेशर व निमोनिया की काफी समस्या आ रही है। पता चलने पर समय पर जांच करवाकर उपचार लें। उन्होंने कहा कि इस समय भीषण सर्दी का प्रकोप चल रहा है इसलिए स्वास्थ्य के प्रति किसी तरह की लापरवाही न बरतें। इस मौसम में श्वास रोगियों को काफी दिक्कत होती है इसलिए इन मरीजों के अलावा बुजुगोZं, बच्चों का ठंड में ध्यान रखें। अनावश्यक कार्य न होने पर घरों से बाहर न निकलें।
नेत्र विभाग से मुकेश कुमार ने कहा कि आंखें प्रकृति का अनमोल उपहार है। हमें अपनी आंखों के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। ये बेहद ही कोमल अंग है इसलिए इसका पूरा ध्यान रखना आवश्यक है। कई बार आंखों में दिक्कत होने की वजह लोग घर में पड़ी कोई भी आई ड्रॉप डाल लेते हैं। जो बेहद ही अनुचित है। बिना चिकित्सकीय परामर्श के आँखों में कोई दवा न डालें।
इस अवसर पर पीआरओ राजेन्द्र सिंह, सेवादार जग्गी जैन, सतीश कुमार, ओमप्रकाश कालांवाली, मक्खन सिंह, कुलदीप सिंह, सुखदेव सिंह नंबरदार व भीम सिंह आदि सेवादार मौजूद रहे।