गांव मंगाला में शनिवार रात को गेहूं की बिजाई करते हुए चालक राकेश ट्रैक्टर के नीचे आ गया। नीचे आने पर ट्रैक्टर के पीछे डाले गए हैप्पी सीडर में लगे लोहे के तवे से उसके सिर कट गया। जिससे कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करके शव परिजनों का सौंप दिया। परिजनों ने मृतक का दाह संस्कार कर दिया।
जानकारी अनुसार गांव मंगाला में ओमप्रकाश व राकेश शनिवार रात को किसी किसान के खेत में गेहूं की बिजाई कर रहे थे। रात को राकेश चलते ट्रैक्टर से उतर कर आगे रेडियेटर के पास फंसी पराली को निकालने लगा। इसी बीच ट्रैक्टर की दिशा बदल गई। वह ट्रैक्टर की दिशा सही करने के लिए चढ़ने लगा तो उसका पैर फिसल गया। जिससे कि वह ट्रैक्टर के नीचे आ गया। पीछे हैप्पी सीडर के किनारे पर लगे लोहे के तवे से उसका सिर कट गया। दूसरे चालक ओमप्रकाश ने खेत में बिना ड्राइवर के चल रहे ट्रैक्टर को देखा तो वह मौके पर पहुंचा। मामले की सूचना ट्रैक्टर मालिक व खेत मालिक को दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने रविवार को मृतक का दाह संस्कार कर दिया।