ट्रक की टक्कर से गिरा ट्रांसफार्मर।
- फोटो : 1
डबवाली। एकता नगर की गली नंबर 6 में सोमवार देर शाम बड़ा हादसा टल गया। नशे में धुत ट्रक चालक ने तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए ट्रांसफार्मर पोल को टक्कर मार दी। टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके में बत्ती गुल हो गई। इसके बाद भी चालक ट्रक को कॉलोनी रोड पर दौड़ा ले गया।
इस दौरान सड़क किनारे खड़ी कार, बाइक और स्कूटी-ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि कोई जान हानि नहीं हुई। लोगों ने बताया कि अगर उस समय सड़क पर अधिक आवाजाही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुक्तसर के गांव ख्योवाली निवासी ट्रक चालक अवतार को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि हुई है। शहर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक का मेडिकल कराया गया है। लोगों ने ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।