संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नहरबंदी के बाद शहर में पेयजल की पूर्ति करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने ट्यूबवेलों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। पानी की राशनिंग न करनी पड़े इसके चलते विभाग ने पहले से ही ट्यूबवेल चलाने का समय बढ़ा दिया है और नहरी व ट्यूबवेल के पानी की सप्लाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं अभी नहर में आठ अप्रैल से पानी आने की उम्मीद है। जिसके बाद शहर वासियों को नहर के पानी की सप्लाई देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
शहर की साढ़े तीन लाख की आबादी के अनुसार विभाग की ओर से तीन करोड़ 35 लाख लीटर की रोज सप्लाई की जाती है। 15 मार्च से नहर बंदी होने के चलते जनस्वास्थ्य विभाग ने पानी की समस्या से निपटने के लिए पहले से ही प्रबंध करना शुरू कर दिया है। हालांकि शहर में अभी पहले के अनुसार ही पेयजल की सप्लाई दी जा रही है। इसमें नहरी पानी की मात्रा को कम कर ट्यूबवेलों के पानी की मात्रा को बढ़ा दिया गया है। ताकि नहर बंदी के चलते शहर वासियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। शहर के चत्तरगढ़पट्टी, लघु सचिवालय और पंजुआना स्थित जलघरों में पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शहर में अभी पेयजल की कोई किल्लत नहीं है। अगर नहर बंदी का समय अधिक बढ़ता है तो उसके चलते पहले ही प्रबंध करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पंजुआना का नया जलघर तैयार होने से मिली राहत
नहरबंदी के दौरान पहले जनस्वास्थ्य विभाग को करीब एक सप्ताह तक लगातार राशनिंग करने की आवश्यकता पड़ती थी। ऐसे में इस वर्ष पंजुआना में नया जलघर तैयार होने के बाद विभाग की ओर से उसे भी पानी से भर लिया गया है। पंजुआना में तैयार हुए नए जलघर में 20 एमएलडी पानी भरने की क्षमता है। जिसके चलते इस वर्ष विभाग को पानी की राशनिंग करने की अभी तक आवश्यकता नहीं पड़ी। अभी शहर में सामान्य रूप से पानी की सप्लाई की जा रही है।
-
शहर में अब 116 ट्यूबवेलों के माध्यम से दी जाती है पानी की सप्लाई
पेयजल की पूर्ति करने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में ट्यूबवेल लगाए गए हैं। शहर में अब 116 ट्यूबवेलों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाती है। इन ट्यूबवेलों के माध्यम से शहर की आधी आबादी को पेयजल की पूर्ति की जा रही है। ताकि शहर वासियों को पेयजल संबंधित किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े ।
वर्जन
शहर में पेयजल की सप्लाई समय के अनुसार की जा रही है। किसी भी क्षेत्र में अभी राशनिंग नहीं की जा रही। राशनिंग से बचने के लिए नहरी पानी के साथ ट्यूबवेल के पानी की भी सप्लाई की जा रही है। ताकि शहर वासियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े ।
-भानूप्रकाश, एक्सईएन, जन स्वास्थ्य विभाग सिरसा।