शहर में एक बार फिर से वाहन चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। बुधवार देर रात सांगवान चौक के पास स्थित डीएमसी अस्पताल के बाहर खड़ी डॉक्टर राजकुमार डूमरा की गाड़ी चार चोर चोरी करके ले गए। बृहस्पतिवार सुबह जैसी ही चोरी का पता चला।
उन्होंने तुरंत शहर पुुलिस को घटना की सूचना दी। शहर थाना प्रभारी मौजीराम ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हो मिली। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डॉक्टर राजकुमार डूमरा ने बुधवार रात को अस्पताल के मेन गेट के सामने अपनी स्कारपियो गाड़ी खड़ी की थी। सुबह उठने पर गाड़ी अपने स्थान से गायब मिली। डॉ. डूमरा के अस्पताल में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था लेकिन सामने वाले डेटल केयर सेंटर में लगे खुफिया कैैमरे में वारदात कैद हो गई।
रात साढे़ तीन बजे चार चोर अस्पताल के बाहर आए, इनमें से एक सिख था। उसकी शारीरिक भाषा एक मिस्त्री की तरह दिख रही है। उक्त चारों ने हाथों से कुछ दूरी तक गाड़ी को धकेला और सालासर धाम के पास एक जीप से गाड़ी को टोचन करके ले गए।
डबवाली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप तक ये जीप व चोरी शुदा गाड़ी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। इसके बाद चोर गाड़ी को किस ओर ले गए इसका सुराग नहीं लग पाया है। शहर थाना प्रभारी मौजीराम का कहना है कि पुलिस को काफी ठोस सबूत मिले हैं। जल्द ही चोरी की इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा। चोरीशुदा गाड़ी की कीमत करीब 11 लाख रुपये है। जो डॉ. डूमरा ने तीन साल पहले खरीदी थी।