चोपटा सीएचसी का मामला, चिकित्सक ने दी पुलिस को शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। चोपटा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एक कर्मचारी पर चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए थाना चोपटा में शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस से प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। मामला कर्मचारी द्वारा कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने और ड्यूटी में लापरवाही से जुड़ा है।
सीएचसी नाथूसरी चौपटा के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. सिद्धांत आहुजा ने एक कर्मचारी के खिलाफ शहर थाने में शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि गांव मेहूवाला का सुखदेव सिंह वर्तमान में एनएचएम के अंतर्गत सूचना सहायक के पद पर सीएचसी नाथूसरी चोपटा में कार्यरत है। वह अक्सर बिना सूचना दिए कार्यालय से अनुपस्थित रहता है। जबकि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत दैनिक ऑनलाइन रिपोर्टिंग अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है।
इसके बावजूद संबंधित कर्मचारी लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित रहकर हाजिरी दर्ज करता रहा। इस संबंध में उन्हें सक्षम अधिकारी से अनुमति लेने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन 12 फरवरी तक उन्होंने कोई अनुमति प्रस्तुत नहीं की।
डॉ. सिद्धांत आहुजा के अनुसार 12 फरवरी को उनकी नाइट ड्यूटी थी। उसी रात कर्मचारी ने उनके मोबाइल नंबर पर कई व्हाट्सएप संदेश भेजे। आरोप है कि कर्मचारी ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। कर्मचारियों ने उन्हें बताया था कि सुखदेव 12 फरवरी को सीएचसी परिसर में नशे की हालत में घूम रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सुखदेव ने उन्हें व उनके सहायक कर्मचारी रविन्द्र कुमार को भी जान से मारने की धमकी दी। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने थाना नाथूसरी चोपटा से प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
कोट्स
चिकित्सक की ओर से कर्मचारी के खिलाफ शिकायत दी गई है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
-प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी