सिरसा। बरनाला रोड स्थित शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में 15 जुलाई को जिलास्तरीय ग्रामीण ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें खंडस्तर पर विजेता रहे खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, गोला फैंक, खो-खो, कबड्डी व वॉलीबॉल खेलों में खिलाड़ी शामिल होंगे। बता दें कि 17 जनवरी 2023 को जिला में ग्रामीण युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने हेतु ग्रामीण ओलंपिक खेलों का आयोजन खंडस्तर पर कराया गया था।
जिलास्तरीय ग्रामीण ओलंपिक खेलों में विजेता रहने वाली टीमों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। टीम गेम के लिए प्रथम इनाम के रूप में 8100 रुपये व द्वितीय को 5100 रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार व्यक्तिगत खेल में प्रथम को 2100 रुपये व द्वितीय को 1100 रुपये की नकद इनाम राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए अधिकारियों की लगाई ड्यूटी
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त पार्थ गुप्ता की ओर से अलग-अलग विभागों के अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सिरसा, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी आत्मप्रकाश मेहरा, कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी भानूप्रताप, जिला समाज एवं कल्याण अधिकारी, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद संदीप मलिक व जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारियों को अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी है।
55वीं हरियाणा राज्य विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता के विजेताओं का मिले इनाम राशि के चेक
55वीं हरियाणा राज्य विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता के विजेता खिलाडि़यों को उनकी प्रोत्साहन राशि के चेक जिला शिक्षा खेल विभाग ने जारी कर दिए है। जिले के सभी खंडों में 98000 रुपये की राशि के चेक जारी किए है। इनमें सबसे अधिक सिरसा खंड में 52250 रुपये का चेक विभिन्न सरकारी व निजी स्कूलों के खिलाडिय़ों को दिए गए है। इनमें शाह सतनाम शिक्षण संस्थान के विजेता रहे खिलाडि़यों को भी 16750 रुपये का चेक दिया गया है। जिला शिक्षा खेल अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि हरियाणा राज्य विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता के विजेता खिलाडि़यों को कैश प्राइज दिए गए है। प्रतियोगिता में प्रथम रहने वाले खिलाड़ी को 1000 रुपये, द्वितीय को 750 रुपये व तृतीय स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 500 रुपये का पुरस्कार दिया गया है। डबवाली खंड में विभिन्न स्कूलों के खिलाडि़यों को 6500 रुपये का चैक जारी किया गया है। इसके अलावा रानियां में 21250 रुपये, कालांवाली में 750 रुपए, ऐलनाबाद में 4000 रुपये, सिरसा में 52250 रुपये व नाथूसरी चोपटा में 13250 रुपये का चैक दिया गया है।