सिरसा। बिजली बाधित होने के बाद नगर परिषद में कर्मचारियों और कार्य करवाने के लिए पहुंचने वाले शहर वासियों को समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके लिए नगर परिषद की ओर से कार्यालय में अब 25 किलोवाट का जनरेटर लगाया जा रहा है। जिसके बाद यहां बिजली गुल होने के बाद भी कार्य सुचारू रूप से होते रहेंगे। इसके लिए नगर परिषद ने तार लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया है।
नगर परिषद कार्यालय में लंबे समय से बिजली संबंधित अन्य कोई व्यवस्था न होने के कारण कार्यालय में रखे कंप्यूटर सहित अन्य बिजली के उपकरण बंद हो जाते थे। बिजली के दो से तीन घंटे के कट लगने के कारण नगर परिषद में हर प्रकार का कार्य प्रभावित हो जाता था। जिसके कारण कई लोगों को परेशान होकर बिना काम करवाए ही लौटना पड़ता था। इसके लिए नगर परिषद की ओर से अब 25 किलोवाट का नया जनरेट मंगवाया गया है। बिजली बाधित होने के बाद नगर परिषद जनरेटर को शुरू कर बिजली सप्लाई की जाएगी। इससे कर्मचारियों और काम करवाने के लिए पहुंचने वाले लोगों को भी काफी राहत मिलेगी। जनरेटर लगाने के लिए नगर परिषद की ओर से यहां पर शेड की व्यवस्था की जाएगी। जिसके लिए काम भी शुरू कर दिया गया है।
बीते शनिवार को तेज बारिश होने के बाद नगर परिषद कार्यालय में तीन से चार फुट जलभराव की स्थिति बन गई थी। जिसके कारण नगर परिषद कार्यालय का रिकाॅर्ड भी भीग गया था। बारिश के कारण शहर का पानी कार्यालय में न पहुंच सके। इसके लिए नगर परिषद की ओर से गेट के पास ही रैंप बनाया जाएगा। जिसके बाद अन्य गलियों का पानी कार्यालय में न पहुंचे। बता दें कि बीते शनिवार को बारिश होने के कारण शहर का पानी नगर परिषद कार्यालय में जमा हो गया था। जिसके बाद बीते एक सप्ताह से यहां पर अभी पानी नहीं सुख पाया है।
नगर परिषद को मिले आठ नए कंप्यूटर, ऑनलाइन तेजी से होंगे काम
शहर वासियों को सरकारी योजनाओं की सुविधा देने के लिए नगर परिषद की ओर से ऑनलाइन कार्य भी अब तेजी से किए जा रहे हैं। इसके लिए अब नगर परिषद को आठ नए कंप्यूटर भी मिले हैं। जिन्हें अलग-अलग कार्यालय में लगाया जाएगा। प्रॉपर्टी आईडी ब्रांच में करीब चार कंप्यूटर और अन्य ब्रांचों में शेष कंप्यूटर लगाए जाएंगे। जिससे शहर वासियों को इसका काफी लाभ होगा।
कार्यालय में बिजली के लिए अन्य कोई व्यवस्था नहीं थी। जिसके लिए नया जनरेटर मंगवाया है। बिजली बाधित होने के बाद जनरेट से इसकी सप्लाई की जाएगी। गेट को भी ऊंचा किया जा रहा है। जिससे शहर की गलियों का पानी कार्यालय में न पहुंच सके।
प्रवीन दलाल, एक्सईएन, नगर परिषद सिरसा।