संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। गांव पन्नीवाला मोटा में पीएचसी केंद्र के पास मुख्य चौक में प्रतिमा स्थापित करने को लेकर वीरवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर ओढां पुलिस मौके पर पहुंची। गांव के कुछ लोग चाहते हैं कि चौक में चौधरी देवीलाल की प्रतिमा स्थापित हो, तो कुछ लोग शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने के पक्ष में हैं। कोई फैसला न होने तक निर्माण कार्य बंद किया गया है और चौक पर एक पुुलिसकर्मी को तैनात किए गए हैं। ग्राम सरपंच का कहना है कि इस विषय में शुक्रवार को पंचायत बुलाकर चर्चा की जाएगी।
गांव में स्थित शुगर मिल में पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा लगी हुई है। शुगर मिल बंद होने के बाद यह जगह हैफेड को दे दी गई। इसके बाद से प्रतिमा की कोई देखरेख नहीं हो रही थी। पूर्व सरपंच सतवीर कस्वां के कार्यकाल से ही इस बात पर चर्चा चल रही थी कि उक्त प्रतिमा को वहां से उठाकर के मुख्य चौक (गोल चौक) में स्थापित की जाए। इस विषय पर एक जनवरी को पंचायत की बैठक बुलाकर चर्चा की गई। इसके बाद ग्राम सरपंच ने प्रस्ताव पारित कर बीडीपीओ के माध्यम से हैफेड के डीएम व मैनेजर के पास भेज दिया। प्रस्ताव में लिखा गया कि चौधरी देवीलाल की प्रतिभा को हैफेड से उठाकर गांव के गोल चौक पर स्थापित किया जाएगा। इसका पूरा खर्च ग्रामीणों द्वारा वहन किया जाएगा।
डीएम की ओर अभी तक उक्त प्रस्ताव का कोई जवाब नहीं आया है। ऐसे में गांव के कुछ लोगों ने उक्त चौक पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने के उद्देश्य से चंदा एकत्रित किया। शहीद भगत सिंह की प्रतिमा बनाने का ऑर्डर देने के बाद से ही मुख्य चौक में निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने एतराज जताते हुए वहां पर चौ. देवीलाल की प्रतिमा लगने की बात कही।
इस मामले को लेकर वीरवार को काफी लोग मौके पर एकत्रित हो गए। कुछ लोगों ने यहां शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की बात कही तो वहीं कुछ लोगों ने चौधरी देवीलाल की प्रतिमा स्थापित करने की। इस दौरान थाना प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और माहौल गर्माता देख वहां पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप बैनीवाल व गांव के मौजिज लोगों ने काफी देर तक बातचीत की, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। इसके बाद अब शुक्रवार को इस विषय में पंचायत बुलाई जाएगी।
:::::::::::::::::::::::::::
बॉक्स
चौधरी देवीलाल की प्रतिमा बड़ी और चौक पर जगह कम, अन्य स्थान पर की जाए स्थापित
मुख्य चौक पर शहीद भगत सिंह की मूर्ति स्थापना के पक्षधर लोगों का कहना है कि वे चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के खिलाफ नहीं है। इनकी प्रतिमा काफी बड़ी है, जबकि चौक की जगह कम है। प्रतिमा को गांव में किसी अन्य बड़ी जगह स्थापित कर दिया जाए, उन्हें कोई एतराज नहीं है। उन्होंने मुख्य चौक की जगह के हिसाब से ही शहीद भगत सिंह की प्रतिमा तैयार करवाई है। इसके लिए ग्रामीणों ने चंदा भी दिया है।
बॉक्स
चौ. देवीलाल की प्रतिमा स्थापित करने के पक्षधर
मुख्य चौक पर चौ. देवीलाल की प्रतिमा स्थापित करने के पक्षधर लोगों का कहना है कि शुगरमिल बंद होने के बाद से चौ. देवीलाल की प्रतिमा कोई उचित देखरेख नहीं हो रही। इसके चलते प्रतिमा को वहां से गांव के मुख्य चौक पर स्थानांतरित करने के लिए बहुत पहले से विचार विमर्श चल रहा था। पंचायत का प्रस्ताव पारित कर बाकायदा विभाग से स्वीकृति भी ले ली गई। गांव के कुछ लोग उक्त चौक पर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर एतराज जता रहे हैं। कुछ लोग गांव में अशांति फैलाना चाहते हैं।
::::::::::::::::::::::::::::::::
लोगों की मांग पर चौ. देवीलाल की प्रतिमा को हैफेड से मुख्य चौक पर स्थानांतरित करने को लेकर पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर बीडीपीओ को भेजा था। गांव में प्रतिमा को लेकर किसी तरह का कोई विवाद उत्पन्न न हो इसके लिए दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। जो भी कार्य होगा वो नियमानुसार एवं सभी की सहमति से होगा। शुक्रवार को इस विषय में पंचायत बुलाकर विचार विमर्श किया जाएगा। -प्रदीप बैनीवाल, सरपंच प्रतिनिधि
कोट्स
गांव में किसी तरह से अशांति नहीं फैलने दी जाएगी। जब गांव के सभी लोगों की सहमति होगी तब ही उक्त चौक पर कोई कार्य शुरू होगा। फिलहाल कार्य बंद करवाया गया है और मौके पर पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। अनिल कुमार, थाना प्रभारी ,ओढां
गांव पन्नीवाला मोट में लोगों से बातचीत करते थाना प्रभारी। संवाद