गांव सादेवाला में गिंदड़ा रोड के नजदीक सोमवार देर रात हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। गांव सादेवाला में गिंदड़ा रोड के नजदीक सोमवार देर रात एक पुलिसकर्मी व दो युवकों के बीच झगड़े का मामला सामने आया है। इसमें युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। पीड़ित पुलिसकर्मी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में रविंद्र कुमार ने बताया कि वह गांव ढुडियावाली के रहने वाले हैं और आर्थिक अपराध शाखा डबवाली में एएसआई पद पर कार्यरत हैं। सोमवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी ड्यूटी कर एसपीओ महावीर के साथ अपनी निजी गाड़ी से अपने गांव जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी गांव सादेवाला के के गिंदला रोड के पास पहुंची तो एक काले रंग की बिना नंबर की गाड़ी ने उनका रास्ता रोका।
गाड़ी में किशोरी सिंहमार व सतीश झाझड़िया सवार थे। दोनों नशे में धुत थे। एएसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि गाड़ी चालक ने उन्हें गालियां दीं। जब वह गाड़ी से बाहर आए तो उन पर हमला किया और उनकी वर्दी फाड़ दी। इस दौरान एसपीओ महावीर ने रविंद्र को दोनों युवकों से छुड़वाया। मौका देखकर दोनों युवक गाड़ी लेकर भाग गए। भागते समय उनका मोबाइल वहीं गिर गया।
महावीर ने रविंद्र को रानियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां से उन्हें सिरसा भेज दिया गया। रानियां थाना प्रभारी गुरनमिंदर सिंह ने बताया कि एएसआई रविंद्र कुमार की शिकायत पर दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।