सिरसा के सातों ब्लॉक में 25 से कम छात्र संख्या वाले स्कूलों की जानकारी जुटाने के आदेश के बाद एमआईएस पोर्टल पर विद्यार्थियों की संख्या में फेर बदल होना शुरू हो गया है। जिसमें से कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम तो किसी में अधिक होनी शुरू हो गई। जीपीएस ढाणी काहान सिंह में 21 से विद्यार्थियों की संख्या बढ़ कर 23 हो गई । ढाणी बिलासपुर के स्कूल में छात्रों की संख्या 23 से बढ़कर 27 हो गई है। वहीं ढाणी सरूप सिंह के जीपीएस स्कूल में छात्र संख्या 20 से कम होकर 11 हो गई। नियमों के अनुसार पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों का दाखिला कभी भी किया जा सकता है। ऐसे में यह संख्या बदल रही है, लेकिन यह संख्या शिक्षा निदेशालय के 25 से कम संख्या वाले स्कूलों को बंद करने के फैसले के बाद होना शुरू हुआ है। शिक्षा निदेशालय ने बीती 28 जनवरी को एमआईएस पोर्टल से 25 संख्या से कम स्कूलों की एक सूची जारी करते हुए जिला मौलिक शिक्षा विभाग से रिकॉर्ड की पुष्टि करने के निर्देश दिए थे। सूची में 25 से कम वाले 50 स्कूल थे, जिसमें से 40 स्कूल ढाणियों में चल रहे हैं। विभाग द्वारा जारी सूची के बाद 30 जनवरी को एमआईएस पोर्टल पर विद्यार्थियों की संख्या अपडेट हुई ।
जिला मौलिक शिक्षा विभाग ने 7 खंडों को एक पत्र जारी कर 29 जनवरी शाम तक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी 25 से कम वाले 50 स्कूलों की जानकारी मांगी थी। 29 जनवरी शाम तक किसी भी खंड से कम स्कूलों की जानकारी विभाग के पास नहीं पहुंची। लेकिन स्कूल में बच्चों की संख्या को लेकर एमआईएस पोर्टल पर फेर बदल हो गई। स्कूलों द्वारा एमआईएस पोर्टल पर बच्चों के दाखिले होने लगे, साथ ही विद्यार्थियों की संख्या की सटीक जानकारी देते हुए कई स्कूलों में बच्चों की संख्या कम भी हो गई। लेकिन यह पूरा रिकार्ड न ही तो बीईईओ के पास पहुंचा न ही जिला शिक्षा विभाग के पास।
इमारत के हालातों का ब्योरा
शिक्षा निदेशालय ने 28 जनवरी को जारी सूची में विशेष स्कूल इमारतों की जानकारी भी मांगी थी। जिसमें से ऐलनाबाद, चोपटा व बढागुढ़ा ब्लॉक ने यह जानकारी न ही तो एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध करवाई और न ही इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के पास भेजी है। एमआईएस पोर्टल पर मिली जानकारी के अनुसार सिरसा खंड के 14 स्कूलों में से एक स्कूल जर्जर इमारत में, जबकि दो स्कूलों के आधे से अधिक कमरे कंडम हालात में है। इसी के साथ ही रानियां खंड के 16 स्कूलों की इमारतें सही हैं। जबकि डबवाली खंड के कुल दस स्कूलों में से 9 स्कूलों की इमारत अच्छी है। वहीं एक स्कूल की इमारत पुरानी है। बडागुढ़ा खंड के तीन स्कूलों में एक स्कूल कंडम तो दो स्कूल अच्छी हालत में हैं।
इन 12 स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में हुआ है बदलाव
स्कूलों के नाम पहले विद्यार्थियों की संख्या वर्तमान की संख्या
जीपीएस ढाणी सुचान 11 12
जीपीएस लहरावाली ढाणी 11 12
जीपीएस गुरूनानक पुरा 13 14
जीपीएस ढाणी डाबर 16 14
जीपीएस ढाणी प्रेम पुरा 16 15
जीपीएस ढाणी सुखचैन 19 18
जीपीएस गुरुनानक नागर 19 20
जीपीएस अबूतगढ़ 19 18
जीपीएस ढाणी बिलासपुर 23 27
जीपीएस संगतपुरा 22 19
जीपीएस ढाणी काहान सिंह 21 23
जीपीएस ढाणी सरूप सिंह 20 11
प्राइमरी स्कूलों में बच्चे कभी भी एडमिशन ले सकते हैं, इसके लिए कोई समय सीमा नहीं है।
-बूटा राम, बीईईओ, सिरसा।