सिरसा। डिंग मंडी में मंगलवार को हुई 10 एमएम बारिश के साथ रेलवे अंडरपास में पानी का जमा हो गया। जिसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी ढेलनी पड़ रही है। यह परेशानी इस बार भी नहीं बल्कि लोगों का हर साल झेलनी पड़ती है। अंडरपास के अंदर की रोड भी क्षतिग्रस्त हो गई है। जिसके कारण इससे गुजरने वाले कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों राजकुमार, सुमेर ने बताया कि किसान व महिलाओं को इस अंडरब्रिज को पार करने में बेहद परेशानी झेलनी पड़ती है, क्योंकि अधिकांश लोगों के बाड़े रेलवे लाइन की दूसरी तरफ पड़ते हैं। जिससे महिलाओं को कचरा लेकर ऊपर चढ़कर रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। ऐसे में महिलाओं को किसी समय गाड़ी का आने भय बना रहता है। इसके अलावा सुबह खेतों में जाने के लिए अधिकांश किसान अपने दोपहिया वाहन या ट्रॉली लेकर जाना पड़ता है। बारिश के दिनों में इसमें पानी भरा होने से अधिकतर दो पहिया वाहन बीच में बंद हो जाते हैं।
बहुत बार दे चुके शिकायत
इस परेशानी को लेकर ग्रामीणों द्वारा पिछले वर्ष मंत्रियों व विभागीय अधिकारियों को अनेकों बार ज्ञापन दे चुके तथा गुहार भी लगा चुके हैं, लेकिन इसका अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है। अंडरपास के अंदर जमा इस पानी की अभी तक कोई सुध नहीं ली गई है। जिससे स्थानीय लोगों के साथ तथा बाहर से आने जाने वाले राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।