सिरसा। जिले के राजकीय व निजी महाविद्यालयों में स्नातक कोर्सों में दाखिले के लिए ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया भी अब खत्म हो चुकी है। शेड्यूल के अनुसार 4 जुलाई को कॉलेजों में प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होनी थी, लेकिन उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से शाम 6 बजे तक सूची जारी ही नहीं की गई।
शहर के राजकीय नेशनल व महिला महाविद्यालय में अब तक कुल 3,217 आवेदन आए हैं। कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन करने की तारीख 30 जून थी। जिसके बाद 4 जुलाई को पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी होनी थी। लेकिन देर शाम तक जारी नहीं हुई। जिसके कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विद्यार्थी अपना नाम मेरिट सूची में देखने के लिए दिनभर वेबसाइट व पोर्टल पर बार-बार देखते रहे।
कॉलेज में फोन कर विद्यार्थियों ने ली जानकारी
जिले के काॅलेज के दाखिलों के नोडल अधिकारी भी निरंतर पोर्टल पर अपडेट रहे। शिक्षकों के अनुसार सुबह से ही पोर्टल पर शाम तक सूची जारी होने की जानकारी प्राप्त हो रही थी। लेकिन शाम 6 बजे तक भी सूची जारी नहीं हुई। ऐसे में सूची की जानकारी लेने के लिए विद्यार्थियों ने कॉलेजों में फोन कर भी जानकारी ली। ऐसे में बार-बार विद्यार्थियों के फोन से अधिकारी भी परेशान नजर आए।