फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa : शहर में फैल रहा डायरिया, चार दिन में 10 मरीज नागरिक अस्पताल में भर्ती

विज्ञापन
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन मरीज। संवाद - फोटो : Sirsa
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सिरसा। घरों में हो रही सीवरेज युक्त पानी की सप्लाई के कारण लोग डायरिया के शिकार हो रहे हैं। पिछले चार दिनों में नागरिक अस्पताल में 10 डायरिया पीड़ित भर्ती हो चुके हैं, जबकि काफी मरीज झोलाछाप डॉक्टरों से ही इलाज करवा रहे हैं। सिविल अस्पताल में फिजिशियन की 200 ओपीडी में से 30 प्रतिशत मरीज डायरिया पीड़ित होते हैं। वहीं दाखिल मरीजों का कहना है कि उनके घरों में पिछले दो माह से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।
शहर में इस समय पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है। इस दौरान पेयजल की लाइन टूटने और लीकेज के कारण सीवरेज का दूषित पानी स्वच्छ पानी के साथ मिक्स होकर घरों तक पहुंच रहा है, जिसके सेवन से लोग बीमार पड़ रहे हैं। इस समय शहर की करीब 15 कॉलोनियों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। पिछले चार दिनों में नागरिक अस्पताल में डायरिया से पीड़ित 10 लोग भर्ती हुए हैं। इनमें से तीन मरीजों का इमरजेंसी व अन्य का मेडिकल वार्ड में उपचार किया जा रहा है। सिविल अस्पताल की फिजिशियन की 200 ओपीडी में होती हैं। इस समय इनमें से 30 प्रतिशत मरीज डायरिया पीड़ित होते हैं।
विज्ञापन

इन क्षेत्र में हो रही दूषित पानी की सप्लाई
शहर के एकता नगर, बी ब्लॉक, रानियां रोड, पीर बस्ती, कांडा कॉलोनी, थेहड़ मोहल्ला क्षेत्र, गोशाला मोहल्ला, चत्तरगढ़पट्टी व कांडा कॉलोनी में बीते दो माह से दूूषित पानी घरों में पहुंच रहा है। इन क्षेत्रों के काफी लोग डायरिया बीमारी से पीड़ित हो चुके हैं।
आरओ युक्त पानी की सप्लाई करने के दावे हो रहे फैल
जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में आरओ युक्त पानी की सप्लाई किए जाने के दावे किए जाते हैं। इसके बावजूद घरों में सीवर युक्त पानी की सप्लाई होने के कारण लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। शहर में अभी भी 95 ट्यूबवेलों से करीब 20 कॉलोनियों में पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, जबकि शेष कॉलोनियों में नहरी व आरओ युक्त पानी सप्लाई किए जाने का दावा किया जाता है।
मरीज बोले: लिखित में भी दे चुके शिकायत
नागरिक अस्पताल में भर्ती 12 वर्षीय देव कुमार के पिता शिव कुमार ने बताया कि वह एकता नगर निवासी हैं। करीब दो माह से उनके क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इसके कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं डायरिया बीमारी से पीड़ित हो रहे हैं। उनके पड़ोस में ही करीब 10 बच्चे डायरिया से पीड़ित हैं। इनका इलाज वहां के डॉक्टरों से करवा रहे हैं। उनके बच्चे की हालत खराब होने के कारण वह उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाने के लिए पहुंचे थे। दो दिन से उनके बेटे का इलाज चल रहा है। दूषित पानी संबंधी शिकायत विभागीय अधिकारियों को दे चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा।
बी ब्लॉक निवासी कांता देवी ने बताया कि दूषित पानी की लगातार सप्लाई होने के कारण स्थिति खराब हो रही है। पिछले चार दिनों से वह बीमार थी, लेकिन दो दिन पहले उसकी हालत खराब हो गई तो वह नागरिक अस्पताल में जांच करवाने के लिए पहुंची। यहां पर उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी कॉलोनी के आसपास के लोग भी बीमार हो रहे हैं। सीवरेज का दूषित पानी सप्लाई होने के कारण वह शिकायत भी दे चुके है, लेकिन स्थिति का समाधान नहीं हो पा रहा है।
बयान
डायरिया और उल्टी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दूषित पानी के सेवन के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। शहर के काफी मरीज जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें से अधिक प्रभावित मरीजों को दाखिल भी किया जा रहा है।
विज्ञापन

- डॉ. अमित, फिजिशियन, नागरिक अस्पताल।
रानियां रोड क्षेत्र और शिव चौक क्षेत्र में दूषित पानी की सप्लाई होने की शिकायतें आई हैं। इसके बाद वहां पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। पानी मिक्सिंग होने वाली जगह की तलाश की जा रही है। कई स्थानों पर कनेक्शन खराब मिले हैं। कई क्षेत्रों से पानी के सैंपल भी लिए जा रहे है। जल्द ही समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
- सुरेश कुमार, जेेई, जन स्वास्थ्य विभाग, सिरसा ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें