- 4 गांवों में धर्मसभाओं के बाद रात्रि ठहराव डबवाली में होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। बिश्नोई समाज की ओर से जांभोजी के 575वें अवतार वर्ष को हीरक जयंती के रूप में मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में जंभेश्वर पर्यावरण जीव रक्षा प्रदेश संस्था राजस्थान की ओर से शुरू की गई धर्म रथ यात्रा 26 मई को डबवाली उपमंडल के गांव चौटाला से हरियाणा में प्रवेश करेगी। यहां गुरु जम्भेश्वर मंदिर में 26 मई को सुबह 9 बजे प्रथम सभा होगी।
दूसरी सभा जंडवाला बिश्नोइयां में 11:15 बजे होगी और तीसरी सभा शाम 4 बजे गंगा गांव में होगी। उसी दिन शाम को 6:15 बजे अबूबशहर में यात्रा की चौथी सभा आयोजित होगी। इसके बाद यात्रा का ठहराव डबवाली की बिश्नोई धर्मशाला में होगा। 27 मई को सुबह 9 बजे डबवाली के गुरु जम्भेश्वर मंदिर में सभा का आयोजन होगा। इसके बाद अन्य गांवों में यात्रा जाएगी और दो दिन में डबवाली क्षेत्र के सभी बिश्नोई बहुल गांवों को कवर किया जाएगा।
बिश्नोई सभा सचिव इंद्रजीत बिश्नोई ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा के संयोजक राम रतन बिश्नोई हैं। जंभेश्वर जन्माष्टमी 16 अगस्त 2025 को यह यात्रा घोषित की गई थी जो आगामी जन्माष्टमी 4 सितंबर तक भारत भ्रमण करेगी। एक अक्टूबर 2025 से विधिवत शुरू की गई यात्रा एक धर्म रथ के साथ चल रही है। जहां जम्भेश्वर जी का मंदिर बना हुआ है वहां 2 घंटे की धर्म सभा आयोजित की जाती है। राजस्थान के 12 जिले और पंजाब राज्य की यात्रा पूरी करके 558 मंदिरों पर कार्यक्रम किए जा चुके हैं। सभा के दौरान समाज सुधार, धर्म प्रचार, संस्कार निर्माण, नशा मुक्ति आदि विषयों पर व्यापक चर्चा की जाती है। यात्रा में मुख्य वक्ता संस्था के प्रदेश अध्यक्ष हैं और यात्रा संस्था की पांच सदस्यीय टीम यात्रा संचालित कर रही है।