परम पिता शाह सतनाम जी महाराज के अवतार माह के उपलक्ष्य में रविवार को डेरा सच्चा सौदा स्थित शाह सतनाम जी धाम में पंजाब की साध-संगत की ओर से स्पेशल भंडारा आयोजित किया गया। इसमें लाखों की संख्या में पंजाब से आई साध-संगत ने पहुंचकर भाग लिया। सत्संग से डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां ने 25,270 नए जीवों को गुरुमंत्र की अनमोल दात प्रदान की।
सत्संग के दौरान डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह इन्सां ने ‘जनवरी आई खुमार लेके आई..., जनवरी आई बहार लेके आई...’ भजन गाया तो पंडाल में उपस्थित साध-संगत झूम उठी। सत्संग के दौरान उन्होंने कहा कि आज साध-संगत अपने मुर्शिद परम पिता शाह सतनाम जी का अवतार माह मना रही है। उन्होंने कहा कि जब कुल मालिक ने इस धरती पर जन्म लिया तो सभी तरफ बहार छा गई। शाह सतनाम जी महाराज के रहमो कर्म से करोड़ों घर स्वर्ग हो गए।
करोड़ों लोग नशे से तौबा कर राम-नाम से जुड़ गए। जिन घरों में हर रोज नशे के कारण माहौल खराब होता था, गाली-गलौच होता था, वहां पर अब राम-नाम की बातें होती हैं। घर के सदस्य आपस में बैठकर राम-नाम की बात करते हैं। उन्होंने साध-संगत को पावन अवतार माह की बधाई देते हुए कहा कि एक संत-फकीर अपने बच्चों से कुछ नहीं मांगता, परंतु साध-संगत अपने सतगुरु को दीन-दुखियों की मदद कर, रक्तदान, शरीर दान, नेत्रदान कर अनमोल तोहफे दे रही है। उन्होंने कहा कि परमात्मा को लुभाना है तो दीन-दुखियों की सेवा करो, नेत्रहीनों का सहारा बनो, निंदा-चुगली त्याग दो।
यूपी और पंजाब के चुनाव के मद्देनजर डेरा सच्चा सौदा द्वारा किसी एक पार्टी को समर्थन दिए जाने संबंधी पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे किसी पार्टी को समर्थन नहीं करते, लेकिन उस राज्य की साध-संगत अपने स्तर पर किसी एक पार्टी को चुनती है, जो साध-संगत की बात को सुनती है और बुरे कार्यों पर लगाम कसने का शपथ पत्र साध-संगत को देती है। हमारे पास सभी राजनीतिक पार्टियों के लोग आशीर्वाद लेने जरूर आते हैं। संत-पीर, फकीर सभी को आशीर्वाद देते हैं। आज भी 45 उम्मीदवार सत्संग में आशीर्वाद लेने आए थे।
ड्राई एरिया घोषित किया जाए सिरसा
सिरसा को ड्राई एरिया घोषित करवाए जाने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे पूरी साध-संगत, मीडियासे प्रदेश के मुख्यमंत्री, सभी मंत्रियों से मांग करते हैं कि सिरसा में शराबबंदी की जाए। उन्होंने कहा कि शराब तो पूरे देश में बंद होनी चाहिए और अच्छा हो तो इसकी शुरूआत सिरसा को। उन्होंने कहा कि सिरसा धार्मिक स्थली है और इस ड्राई एरिया घोषित किया जाना चाहिए।
डेरा सच्चा सौदा ने जारी किया हेल्प लाइन नंबर
वैसे तो डेरा सच्चा सौदा दीन-दुखियों की मदद के लिए हर समय तैयार रहता है, लेकिन कई बार बिना सूचना के कई लोगों तक यह मालिक के प्यारे नहीं पहुंच पाते। ऐसे लोगों के लिए डेरा प्रमुख ने सत्संग कार्यक्रम के दौरान डेरा सच्चा सौदा का हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2515 जारी किया। उन्होंने आह्वान किया कि किसी मुसीबत में सहायता के लिए इस नंबर पर कॉल की जा सकती है, जिसके बाद डेरा सच्चा सौदा के सेवादार तुरंत मौके पर पहुंचकर नि:शुल्क सहायता उपलब्ध करवाएंगे।