सिरसा। पैरोल मिलने के बाद डेरा प्रमुख वीरवार को उत्तर प्रदेश के जिला बागपत स्थित शाह सतनाम जी आश्रम बरनावा में पहुंचे। यहां उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर लाइव आकर साध-संगत को आशीर्वाद दिया और देश में आई बाढ़ को रोकने की परमात्मा के आगे प्रार्थना की।
डेरा प्रमुख ने सभी को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि हम परमात्मा से बाढ़ को रोकने की प्रार्थना कर रहे हैं और साध-संगत भी इस प्रार्थना को हमारे साथ दोहराए। प्रार्थना के दौरान कहा कि हमारे देश में, पूरे संसार में, बरसात के रूप में, बाढ़ के रूप में कहर टूट रहा है। कहीं गर्मी के रूप में कहर टूट रहा है और मौसम में जबरदस्त बदलाव आ रहा है। तो हे मेरे मालिक, हे मेरे राम जिस से भी पाप-गुनाह हुए हैं इस धरती पर और तेरी प्रकृति का जिसने भी नुकसान पहुंचाया है, उन सब को माफ करते हुए अपने इस कहर को रोक दें। आगे कहा कि सभी तेरे बच्चे हैं और तू रक्षक है, तू दया का सागर है। इसलिए कृपा करके इसे रोक दें।
उन्होंने साध-संगत से आह्वान करते हुए कहा कि आपको जैसा प्रशासन कहे, सरकारें कहें, उनके अनुसार बाढ़ पीड़ितों का साथ दें, उनकी सेवा करें। हम बरनावा आश्रम में आ गए हैं आपकी सेवा में। आप सब ने पहले की भांति अपने-अपने घरों में रहना है और सेवा करनी है। इसके अलावा जैसे आपको जिम्मेदार कहेंगे, उन बातों को मानना है, अमल करना है। भगवान आपको बहुत-बहुत खुशियां देंगे। इसके अलावा बाढ़ पीड़ितों की जरूर बढ़चढ़कर सेवा करनी है।