कर्ण चौटाला पत्रकारों से बातचीत करते हुए। संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला जनता को गुमराह कर रहे हैं। वह हरियाणा के युवाओं का भविष्य धूमिल कर रहे हैं। यह आरोप इनेलो युवा विंग के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला ने लगाए। वह मंगलवार को सिरसा स्थित आवास पर देरशाम पत्रकारों से मुखातिब थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सीएम व डिप्टी सीएम राज्य में नौकरियों में घोटालों को स्वीकार करते है लेकिन आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। विधानसभा में जवाब मांगने पर लिखकर भिजवा देने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला हरियाणा में रोजगार से जुड़े एजेंसी के आंकड़ों को झूठा बता रहे हैं।
उन्होंने डिप्टी सीएम पर नॉन सीरियस पॉलीटिशियन होने का भी आरोप लगाया। इनेलो नेता ने कहा कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं और राज्य के युवाओं का भविष्य धूमिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला प्रदेशवासियों को बताएं कि उन्होंने मारुति, डीएलएफ, मेदांता व लार्सन एंड ट्रबो जैसी निजी कंपनियों में कितने युवाओं को रोजगार दिलवाया? उन्होंने कटाक्ष किया यदि चौधरी अभय सिंह चौटाला नॉन सीरियस पॉलीटिशियन हैं तो मतदाताओं ने उन्हें चौथी बार विधायक क्यों चुना?
-----------
जेजेपी को गंभीरता से नहीं लेती भाजपा
उन्होंने दावा किया कि भाजपा जेजेपी को गंभीरता से नहीं लेती है। यही कारण है कि भाजपा किसी भी कार्यक्रम में न तो जेजेपी का नाम लेती है और न ही चौधरी देवीलाल की तस्वीर लगाई जाती है। उन्होंने कहा यदि इनेलो का हरियाणा में पुन: शासन आता है तो विधानसभा में चौधरी देवीलाल की प्रतिमा स्थापित करवाई जाएगी। कर्ण चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल और सरदार प्रकाश सिंह बादल के पारिवारिक रिश्तों के चलते इनेलो पंजाब चुनाव में शिरोमणि अकाली दल की मदद करेगी।