सिरसा। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान चौधरी गंगाराम ढाका के नो वर्क के दौरान पेश होने पर जिला बार एसोसिएशन ने कड़ा संज्ञान लिया है। एसोसिएशन के सचिव हरदीप सिंह सिद्धू ने जिला बार एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में बताया कि मई माह में वर्क सस्पेंड के बावजूद जिला बार के प्रधान गंगाराम ढाका कोर्ट में पेश हुए और अपने केस में गवाही भी करवाई।
इस संबंधी कुछ अधिवक्ताओं ने ऐतराज जताया और दर्जनों अधिवक्ताओं द्वारा एक पत्र पर हस्ताक्षर कर जिला बार एसोसिएशन के संज्ञान में मामला लाया गया। जिला बार एसोसिएशन ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एक पत्र जारी कर 2 जुलाई को जनरल हाऊस की मीटिंग बुलाई है, जिसमें प्रधान गंगाराम ढाका से पेश होने संबंधी जवाब-तलब किया गया है।
सचिव ने बताया कि जनरल हाऊस की बैठक में यह भी फैसला होगा कि गंगाराम ढाका को बार एसोसिएशन का सदस्य रखना है या बर्खास्त करना है। सचिव ने सभी अधिवक्ताओं से आह्वान किया है कि वे दो जुलाई की हाऊस की मीटिंग में अवश्य पहुंचें ताकि जनरल हाऊस की कार्रवाई विधिवत व सुचारु रूप से की जा सके।