संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। गांव ख्योवाली में रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में नहर किनारे 41 वर्षीय व्यक्ति सुभाष का शव मिला है। सूचना के बाद ओढां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिजनों ने मृतक के साथियों पर हत्या के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुभाष पहले गांव ख्योवाली में मजदूरी करता था। करीब 10 दिन पूर्व वह कालांवाली में एक राइस मिल में काम पर लगा था। कालांवाली आने-जाने के लिए उसने बीते शनिवार को ही नई बाइक खरीदी थी। इसके चलते शनिवार देर शाम वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। सुभाष व उसके दोस्तों ने पहले गांव में एक बाइक मैकेनिक की दुकान में पार्टी की और फिर ठेके से दोबारा शराब लेकर वह अपने 2-3 साथियों के साथ लक्कड़ांवाली रोड पर ओढां माइनर की तरफ चला गया। रविवार सुबह माइनर के किनारे सुभाष मृत अवस्था में मिला। ग्रामीण जब नहर की तरफ घूमने गए तो सुभाष का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। शव के पास शराब की खाली बोतल व नमकीन के रैपर मिले हैं, जबकि उसके साथी भूमिगत हैं। सुभाष के सिर पर चोट का निशान मिला है।
सूचना के बाद सुभाष के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने सुभाष के साथियों पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। प्रथम तौर पर सुभाष की मौत का कारण शराब के नशे में नहर में डूबना प्रतीत हो रहा है। ओढां थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। अभी तक हत्या जैसी कोई बात सामने नहीं आई हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। फिलहाल पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।