कालांवाली में हैफेड सोसायटी के सामने डीएपी खाद लेने के लिए लगी किसानों की लंबी कतार।
हैफेड सोसायटी में 600 और इफको केंद्र पर 300 किसानों को बांटी खाद, निजी दुकान पर भी 2500 बैग का वितरण
फोटो 11
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। उपमंडल कालांवाली में गेहूं की बिजाई से पहले डीएपी खाद की मांग बढ़ गई है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को खाद लेने के लिए अनाज मंडी में लंबी कतारें देखी गईं।
अनाज मंडी स्थित किसान कैंटीन और हैफेड सोसायटी के सामने सुबह से ही किसान जमा हो गए थे। भीड़ बढ़ने पर इफको केंद्र और हैफेड सोसायटी के कर्मचारियों को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में किसानों को कतारबद्ध किया गया। उन्हें टोकन वितरित किए गए और टोकन के आधार पर डीएपी खाद दी गई।
अनाज मंडी की एक निजी खाद दुकान पर भी करीब 2500 बैग डीएपी का वितरण हुआ। किसानों का कहना है कि बिजाई के सीजन में खाद मिलना मुश्किल हो जाता है। इस परेशानी से बचने के लिए किसान पहले ही खाद का इंतजाम कर रहे हैं। किसानों ने पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराने की मांग की है।
हैफेड सोसायटी में वितरण
हैफेड सोसायटी के सामने बुधवार अलसुबह करीब 4 बजे से ही किसानों की कतारें लगी थीं। भीड़ बढ़ने पर कर्मचारियों ने कार्यालय का गेट बंद कर पुलिस की सहायता ली। पुलिस की मौजूदगी में प्रति किसान चार बैग डीएपी के हिसाब से पर्चियां काटी गईं। करीब 150 किसानों को कुल 600 बैग डीएपी वितरित की गई। सोसायटी कर्मचारी पवन कुमार ने बताया कि वीरवार को भी खाद वितरित की जाएगी।
इफको केंद्र पर खाद की स्थिति
कृषि विभाग के एसडीओ अमित शर्मा ने बताया कि सोमवार को इफको के पास करीब 2200 बैग डीएपी पहुंची थी। किसानों की भीड़ को देखते हुए प्रति किसान दो बैग के हिसाब से टोकन काटे गए थे। करीब 1100 किसानों के लिए टोकन जारी हुए थे। इनमें से दो दिन में करीब 600 किसानों को डीएपी वितरित की जा चुकी है। शेष किसानों को वीरवार को खाद उपलब्ध करवाई जाएगी।