हिसारिया बाजार, शहर थाना रोड, परशुराम चौक सहित कई क्षेत्रों में चल रहा है काम
त्योहारी सीजन में बाजारों में बदतर हालात, चारपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ती है परेशानी
फोटो - 24,25,26
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के मुख्य बाजारों में इन दिनों बरसाती लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस कारण बाजार में व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। दिवाली का त्योहार आने वाला है। बाजारों में चारपहिया या दुपहिया वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। ऐसे में व्यापारियों का व्यापार चौपट हो रहा है।
व्यापारियों की इसी नाराजगी को दूर करने के लिए बुधवार को अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप स्वयं बाजारों में निकले और व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि बाजारों की गलियों को लाइन बिछाने के साथ-साथ ही दुरुस्त कर दिया जाएगा। व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जमीनी हकीकत यह है कि पूर्व में बिछाई गईं बरसाती लाइनों के बाद से गलियों के हालात खराब हो गए हैं। भले ही नगर परिषद ने कुछ कच्चे हिस्से में इंटरलाकिंग बिछाने का काम करवाया है उसके बाद भी लेवल खराब होने से चारपहिया वाहनों को बड़े स्तर पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अध्यक्ष ने व्यापारियों के साथ की बातचीत
अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप बुधवार को स्वयं बाजार में निकले। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत की और व्यापारियों से मौजूदा व्यापार को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही बरसाती लाइन बिछाने का काम पूर्ण हो जाएगा और बाजारों में नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। नई सड़कों के साथ-साथ अतिक्रमण की समस्या को जड़ से खत्म किया जाएगा ताकि व्यापार को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा, पार्किंग की व्यवस्था को लेकर भी काम किया जा रहा है। जल्द ही पार्किंग की समस्या का समाधान किया जाएगा।
दुकानदारों से की मुलाकात, जानें हालात
गीता भवन वाली गली में स्टॉर्म वाटर के कार्य के बाद आ रहीं विभिन्न दिक्कतों को लेकर गली के सभी दुकानदार ने अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप के साथ अपनी समस्या के बारे में अवगत करवाया। अध्यक्ष ने दुकानदारों की समस्याओं को मौके पर सुना गया और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द समाधान के निर्देश दिए गए। व्यापारियों ने उन्हें बताया कि गली में पानी की पाइपलाइन को लेकर दिक्कत आ रही है। अध्यक्ष ने ऑन द स्पॉट जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ दीपक को फोन लगाकर समस्या से अवगत करवाया।
गलियों के समाधान की मांग
व्यापारियों ने अध्यक्ष से बरसाती पानी की निकासी की बिछाई जा रही लाइन से आने वाली समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। अध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे लाइन बिछाने के बाद बिना देरी किए सड़कों का निर्माण करवा देंगे। इसके साथ ही उन्होंने रानी ब्यूटी पार्लर वाली गली में पानी की लाइन डालने के बाद सड़क को लेकर आ रही समस्या के समाधान को लेकर ठेकेदार को निर्देश दिए। लोगों को अवगत करवाया कि समस्या का समाधान जल्द ही कर दिया जाएगा। खास कार्यों के दौरान यदि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी आती है तो उसका मौके पर संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस अवसर पर पार्षद राजन शर्मा, संदीप गर्ग, संजय, रामकृष्ण गोयल, सुभाष पंवार, दिलीप, मुकेश मेहता सहित अन्य दुकानदार एवं गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
दिवाली पर सबसे ज्यादा आएगी दिक्कत
बाजारों में बरसाती लाइन बिछाने के बाद सड़कों को खोदकर छोड़ा गया है। सड़क टूटने के बाद मिट्टी से भरे ही सड़क को भर दिया गया है। 15 दिनों से पहले वह सड़क बिछाने के अनुरूप नहीं हो सकती है। यही कारण है कि मुख्य बाजार पूरी तरह से चौपहिया वाहनों के लिए ब्लॉक हो गया है। एक छोड़कर दूसरी सड़क को खोद दिया गया है। शहर थाना रोड, परशुराम चौक हो। इसी प्रकार, अन्य क्षेत्र में खोदाई का काम जारी है। इसलिए दिवाली के त्योहार पर बाजार बुरी तरह से प्रभावित होगा।