संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। डबवाली क्षेत्र के गांव सावंतखेडा में मंगलवार सुबह गांव देसूजोधा से गोबिंदगढ़ जाने वाली डबवाली डिस्ट्रीब्यूटरी मसीतां के पास टूट गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र की तकरीबन 250 एकड़ गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
सुबह के समय जब किसान खेतों की ओर जा रहे थे तब उन्होंने देखा कि नहर में करीब 50 से 55 फीट की कटान है और पानी तेजी से खेतों की तरफ बह रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए किसानों ने तुरंत एक-दूसरे को फोन कर सूचना दी। इसके साथ ही सिंचाई विभाग को भी अवगत करवाया। कटान की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के किसान बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
वहीं, सिंचाई विभाग के एसडीओ चंद्रमोहन और जेई राजेंद्र कुमार भी टीम व मशीनरी के साथ मौके पर पहुंचे। विभाग और किसानों ने मिलकर जेसीबी मशीनों की मदद से कटान को पाटने का कार्य शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर तक नहर को बांधने में सफलता मिली। इसके बाद पानी का बहाव रुका। हालांकि, तब तक काफी मात्रा में पानी खेतों में भर चुका था जिससे गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा।
इस घटना में सबसे अधिक नुकसान गांव डबवाली निवासी शिवचरण के खेतों में हुआ जहां पानी तेजी से भर गया। इसके अलावा, रणजीत सिंह, जगसीर सिंह, गुरदेव सिंह, बलदेव सिंह, हरमंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, मोहन सिंह और भिंदर सिंह की फसल प्रभावित हुई है।