चाेपटा। जिले में नशा मुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से शनिवार सुबह पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव दड़बा कलां से साइक्लोथॉन यात्रा को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
एसपी दीपक सहारन ने कहा कि सिरसा पुलिस गांव-गांव में साइक्लोथॉन यात्रा आयोजित कर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई युवा इस अभियान से प्रभावित होकर नशा छोड़ने के लिए आगे आ रहे हैं। एसपी ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल नशे की सप्लाई चेन तोड़ना ही नहीं बल्कि हर घर तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाना भी है।
विज्ञापन
साइक्लोथॉन यात्रा गांव दड़बा कलां से शुरू होकर नाथूसरी चोपटा तक पहुंची। इसमें करीब 13 किलोमीटर की दूरी तय की गई। रास्ते में ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर एसपी और पुलिस टीम का स्वागत किया। इस दौरान युवाओं ने नशा न करने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।
एसपी ने अभिभावकों से बच्चों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार अपनाने और उन्हें मानसिक तनाव से दूर रखने की अपील की। उन्होंने युवाओं को शिक्षा और खेलों में रुचि लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे मानसिक और शारीरिक संतुलन बना रहता है।