विदेश जाने के चक्कर में एक व्यक्ति ठगी का शिकार हो गया। सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव सुखचैन निवासी महेश कुमार विदेश जाने का सपना देखने लगा। पिछले उसकी मुलाकात एक धार्मिक डेरे में पटियाला निवासी अमृतपाल से हुई। अमृतपाल ने महेश से कहा कि उसका धंधा लोगों को विदेश भेजना है। काफी युवाओं को कनाडा भेज चुका है।
अमृतपाल ने महेश से कहा कि उसका विदेश जाने का सपना पूरा वह चुटकी में कर देगा, बस इसके लिए तीन लाख रुपये लगेंगे। कनाडा का वीजा, नौकरी, रहने और खाने-पीने के सारे प्रबंद वह करवा देगा। महेश अमृतपाल पर भरोसा कर बैठा और उसे कनाडा भेजने के नाम पर तीन लाख रुपये दे दिए। कुछ दिनों बाद अमृतपाल का महेश के पास फोन आया और उसने कहा कि कनाडा की वीजा लग चुका है। 31 मार्च को 2017 को अमृतसर से कनाडा की फ्लाइट में रवाना होना है।
अमृतपाल ने उसे कहा कि सीधा एयरपोर्ट पर मुलाकात होगी। कनाडा का वीजा लगने से महेश खुश था। 31 मार्च को वह एयरपोर्ट पर पहुंच गया, लेकिन अमृतपाल नहीं आया। महेश ने उसके मोबाइल पर कॉल की, लेकिन वो बंद मिला। उसके ठिकानों पर जाकर पूछताछ की लेकर उसका कुछ पता नहीं चला। महेश को अहसास हुआ कि अमृतपाल ने उसके विदेश भेजने के नाम पर ठगा है।
इसके बाद उसने अमृतपाल के खिलाफ सदर पुलिस थाने में शिकायत दी। जांच अधिकारी राकेश कुमार का कहना है कि महेश की शिकायत पर ठगी का केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।