सीआईए सिरसा पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नॉर्थ जोन-साउथ जोन के बीच खेले जा रहे टी-20 क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते दो लोगों को काबू किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद किए मोबाइल फोन और डायरी के जरिये जांच कर क्रिकेट सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी बेनकाब किया जाएगा।
क्रिकेट मैच सट्टा लगाते पकड़े गए दो आरोपी मुकेश कुमार और गौरव निवासी पटेल बस्ती सिरसा के कब्जे से 15 मोबाइल फोन, एक टीवी, लैपटॉप, सेटअप बॉक्स, चार्जर, कैलकुलेटर, एक्सटेंशन, लेखा-जोखा की डायरी व 56 हजार की नकदी बरामद की है। दोनों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में अभियोग दर्ज किया है।
सीआईए प्रभारी राजाराम ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि पटेल बस्ती में कुछ लोग नॉर्थ जोन-साउथ जोन के बीच खेले जा रहे टी-20 मैच पर सट्टा पर लगा रहे हैं। सूचना पर पुलिस की एक टीम ने दबिश देकर सट्टा लगा रहे दोनों आरोपियों को सामान सहित काबू कर लिया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से बरामद किए मोबाइल फोन, डायरी के जरिये जांच कर क्रिकेट सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी बेनकाब किया जाएगा।