स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भपात करने के धंधे में लिप्त एक आशा वर्कर, उसके पति और उसकी सहयोगी ब्यूटी पार्लर संचालिका को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके कब्जे से एमटीपी किट, दवाएं, गर्भपात में प्रयुक्त दस्ताने और गर्भपात कराने के लिए ली गई धनराशि बरामद की है। तीनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत हुडा पुलिस चौकी में केस दर्ज किया गया है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. वीरेश भूषण ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि गंाव खुइयांनेपालपुर निवासी आशा वर्कर शकुंतला गर्भपात का धंधा करती है जिसमें उसका पति ओमप्रकाश भी शामिल है। आशा वर्कर को रंगे हाथ दबोचने के लिए जाल फैलाया गया। आखिर में मुखबिर की आशा वर्कर से बात हुई और तीन दिन पूर्व उसने गांव चामल मे बुलाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम एक युवती को लेकर मौके पर पहुंची और उसका इंतजार करने लगी। बाद में उसने साढे़ पांच बजे पहुंचने की बात कही पर देर होने पर उसने युवती को पीडब्ल्यूडी गेस्टहाउस के पास लेकर आने को कहा।
उन्होंने बताया कि सोमवार को साढ़े पांच बजे आशा वर्कर और उसके पति ओमप्रकाश ने फर्जी ग्राहक बनाकर भेेजे गए व्यक्ति से बातचीत की और सौदा पांच हजार रुपये में तय हो गया। आशा वर्कर ने कहा कि वह गर्भपात गाड़ी में ही करेगी और वह गाड़ी को जेसीडी विद्यापीठ के पास हांडीखेड़ा रोड पर ले गई। शकुंतला के साथ एक अन्य युवती भी थी। जैसे ही टीम को सदस्य का इशारा मिला तीनों को मौके पर दबोच लिया गया। हुडा चौकी पुलिस को मौके पर बुलाया गया। मार्क किए गए पांच हजार रुपये के सभी नोट ओमप्रकाश से बरामद हुए जबकि उनकी गाड़ी से एमटीपी किट, दवाएं, दस्ताने आदि बरामद किए।
आशा वर्कर के साथ पकड़ी गई युवती जिसने अपना नाम रीटा बताया एक ब्यूटी पार्लर संचालिका है और आशा वर्कर का सहयोग करती है। हुडा चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. वीरेश भूषण की शिकायत पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।