हरियाणा रोडवेज की एक बस के परिचालक ने शनिवार को यात्रियों से पैसे लेकर टिकट न देकर 12 रुपये का गबन कर लिया। साथ ही आरोपी परिचालक ने स्पेशल फ्लाइंग टीम के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए रोडवेज के महाप्रबंधक ने परिचालक को सस्पेंड कर दिया।
रोडवेज जीएम की स्पेशल फ्लाइंग टीम ने बसों में चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। इसी के तहत चोपटा-भादरा मार्ग पर फ्लाइंग टीम ने सिरसा से भादरा जा रही रोडवेज बस को चोपटा के पास रोककर यात्रियों की टिकटों की जांच की। बस में कई यात्री बिना टिकट मिले।
जब स्पेशल टीम ने यात्रियों से टिकट नहीं लेने का कारण पूछा तो यात्रियों ने परिचालक पर किराया लेकर टिकट नहीं देने का आरोप लगाया। टीम ने परिचालक को 12 रुपये के गबन के आरोप में पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि जब इस बारे में स्पेशल टीम ने रोडवेज परिचालक से पूछा तो परिचालक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
टीम ने जीएम रोडवेज से शिकायत की। इस पर जीएम रोडवेज ने बस परिचालक महावीर को गबन और टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने पर सस्पेंड कर दिया। उधर, जीएम रामकुमार भुक्कल ने बताया कि परिचालक महावीर ने यात्रियों से पैसे लेकर टिकट नहीं दी। आरोपी परिचालक को 12 रुपये गबन करने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। आरोप है कि परिचालक ने टीम के साथ मौके पर अभद्र व्यवहार भी किया।