उपमंडल के एक गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत एक अध्यापक द्वारा 12वीं कक्षा की एक छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले की सूचना पाते ही शनिवार को आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के स्कूल में पहुंचकर आरोपी अध्यापक की जमकर धुनाई कर डाली।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अध्यापक को हिरासत में ले लिया। पीड़ित छात्रा के बयान पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर स्कूल की एसएमसी व प्रिंसिपल ने आरोपी के खिलाफ विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा है।
स्कूल प्रिंसिपल अमीर सिंह ने बताया कि एक जेबीटी अध्यापक 20 सितंबर 2016 को स्थानांतरित होकर स्कूल में आया था। स्टाफ की कमी के चलते एक माह पूर्व उसे 12वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाने का जिम्मा सौंपा गया था। 23 जनवरी को 12वीं की छात्रा उनके पास आई और पेट दर्द की शिकायत कर छुट्टी मांगी।
कुछ समय बाद अध्यापक ने भी स्कूल से अवकाश लिया और चले गए। स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा के दादा उनके पास आए और अपनी पौत्री के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि वह तो सुबह ही छुट्टी लेकर घर चली गई थी। इसके बाद छात्रा की तलाश शुरू की गई। देर शाम छात्रा खुद अपने घर पहुंच गई और परिजनों को आपबीती सुनाई।
छात्रा के अनुसार जब वह छुट्टी लेकर घर जा रही थी तो अध्यापक उसे स्कूल के बाहर मिला और अपनी कार में उसे घर छोड़ने की बात कही, लेकिन घर छोड़ने की बजाय वह उसे किसी अन्य स्थान पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि छात्रा अपने दादा-दादी के पास रहती है, जबकि उसका पिता हिमाचल प्रदेश में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि शनिवार को उन्होंने अध्यापक से इस बाबत पूछताछ की। पहले तो वह मना करता रहा, बाद में सरपंच प्रतिनिधि, एसएमसी प्रधान, छात्रा के परिजन और अन्य ग्रामीण छात्रा के साथ स्कूल पहुंचे।
छात्रा ने सबके सामने आरोपी अध्यापक की करतूत बताई। पुलिस द्वारा अध्यापक को हिरासत में लेने के बाद छात्रा के महिला थाने में बयान दर्ज हुए। यहां छात्रा ने टीचर की करतूत का खुलासा किया। इस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी टीचर की जमकर धुनाई कर डाली। वहीं समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई जारी थी।